बारिश के इस मौसम में कुछ लोगों को बाल झड़ने की समस्या हो रही है. अस्पतालों के डर्मेटोलॉजी विभाग के डॉक्टरों के पास इस तरह के केस हर दिन आ रहे हैं, अगर आपको भी यह समस्या हो रही है तो इसको समझना जरूरी है. इस मौसम में बाल झड़ना कब नॉर्मल है और कब ये किसी बीमारी का संकेत है. इसके बारे में पता जरूर होना चाहिए.
मानसून में बाकी मौसम की तुलना में नमी काफी बढ़ जाती है. इसके कारण पसीना ज्यादा आता है, कुछ लोगों में यह पसीना सिर में भी आता है. यह पसीना जब बालों की जड़ों में जमा हो जाता है तो इससे सिर के रोमछिद्र बंद होने लगते हैं. इससे बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं. कुछ मामलों में बारिश के पानी में भींगने के कारण भी ऐसा हो जाता है. बारिश का पानी भी बालों को नुकसान पहुंचा सकता है. ऐसा अकसर तब होता है जब बारिश में भीगने के बाद बाल लंबे समय तक गीले रहते हैं तो उस पानी के असर से भी हेयर फॉल हो सकता है.
कब समझें कि ये बीमारी है या मौसम का असर?
दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में डर्मेटोलॉजी विभाग के पूर्व डॉ. मनीष जांगड़ा बताते हैं कि बारिश के मौसम में बाल झड़ना एक आम समस्या है. इस समय ओपीडी में हेयर फॉल से परेशान मरीज हर दिन आ रहे हैं. ऐसे मरीजों में हम पहले ये देखते हैं कि हेयर फॉल का कारण क्या है. ये मौसम का असर है या कोई बीमारी है.
इसके लिए हम एक पैटर्न पर नजर रखतें हैं और मरीज से कुछ सवाल करते हैं. जैसे कि हेयरफॉल हो कितना रहा है.
डॉ मनीष बताते हैं कि रोजाना गिनती के 10 से 20 बाल झड़ना सामान्य माना जाता है, लेकिन अगर कंघी लगाते ही बाल झड़ रहे हैं. बालों में हाथ डालते समय हर बार ही कुछ बाल हाथों में आ जाते हैं तो फिर यह नॉर्मल नहीं है. अगर ऐसा हो रहा है और इसके साथ ही सिर पर खुजली भी हो रही है तो इस मामले में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. ऐसा इसलिए क्योंकि फिर ये मौसम का असर नही्ं बल्कि हेयर फॉल की शुरुआत है.
क्यों झड़ने लगते हैं बाल
डॉ मनीष बताते हैं कि अगर किसी व्यक्ति के शरीर में बायोटिन, प्रोटीन, आयरन और विटामिन बी12 की कमी हो गई है तो बाल झड़ना शुरू हो जाते हैं. कुछ मामलों में थायरॉयड की बीमारी, हार्मोनल गड़बड़ी से भी हेयर फॉल हो जाता है. कुछ मामलों में इसको काबू में कर लिया जाता है, लेकिन कई बार देखा जाता है कि कुछ मरीज तब आते हैं जब उनकी समस्या काफी गंभीर हो जाती है और सिर के किसी हिस्से से बाल गायब हो जाते हैं.ऐसी स्थिति में फिर इलाज काफी लंबा चलता है.
यह भी पढ़ें: Seasonal Hair Fall: बदलते मौसम में हेयर फॉल से हैं परेशान? किचन की ये चीजें हैं पक्का सॉल्यूशन
मानसून में बालों की देखभाल कैसे करें?
डॉ. मनीष ने इसके लिए कुछ टिप्स दिए हैं जो वह अपने मरीजों को भी बताते हैं.
बारिश में भीगने के बाद जल्द से जल्द साफ पानी से बाल धो लें,
हफ्ते में 2–3 बार हल्के शैंपू से बाल साफ करें
खानपान का ध्यान रखें और डाइट में प्रोटीन, विटामिन जरूर लें
मानसिक तनाव न लें
आजतक हेल्थ डेस्क