समोसा, कचौड़ी, ब्रेड पकोड़ा या फ्रेंच फ्राइज ये ऐसी चीजें है जिनको खाना लोग काफी पसंद करते हैं, लेकिन जो अपनी हेल्थ को लेकर जागरूक हैं वह इनको खाते से पहले टिश्यू पेपर से इनपर मौजूद तेल सोख लेते हैं. माना जाता है कि इससे जो अधिक तेल है वह कम हो जाता है , लेकिन क्या सच में टिश्यू पेपर तली हुई चीजों का तेल कम कर देता है, या यह सिर्फ एक आदत भर है? मेडिकल रिसर्च और एक्सपर्ट से इसका जवाब जानते हैं.
फूड केमिस्ट्री जर्नल में 2025 में प्रकाशित एक रिसर्च के मुताबिक, तली हुई चीजों में मौजूद तेल एक नहीं बल्कि दो तरह का होता है. पहला सतही तेल है जो खाने की बाहरी परत पर चिपका रहता है. दूसरा वो तेल है जो तली हुई चीजों को बनाने के दौरान इनके अंदर चला जाता है और वही रहता है. जब आप समोसे या पकोड़े को टिश्यू पेपर पर रखते हैं, तो टिश्यू केवल बाहरी तेल को सोख पाता है. जो तेल पहले ही खाने के अंदर पहुंच चुका होता है उसको नहीं.
यह भी पढ़ें: इन तली हुई चीजों के सेवन से बढ़ता है मौत का खतरा, स्टडी का दावा
तो क्या टिश्यू पेपर के इस्तेमाल का कोई फायदा नहीं है?
इस बारे में मैक्स हॉस्पिटल में डॉ. रोहित कपूर ने बताया है. वह कहते हैं कि टिश्यू पेपर का इस्तेमाल करने से तेल में मामूली कमी आती है .बस आपके हाथों में तेल कम लगता है, जबकि समोसे, कचौड़ी या ब्रेड पकोड़ा के अंदर जो तेल मौजूद है वह बिलकुल कम नहीं होता है. अंदर पहुंचा हुआ तेल बहुत खतरनाक होता है. अगर इन चीजों को ऐसे तेल में बनाया गया है जो काफी बार गर्म किया गया तो इससे हार्ट डिजीज से लेकर मोटापा बढ़ने का भी रिस्क होता है.
डॉ रोहित बताते हैं कि टिश्यू पेपर से साफ करने से पेपर पर मौजूद बैक्टीरिया के भी खाने की चीजों में जाने का रिस्क होता है. सस्ते या रंगीन टिश्यू पेपर को ब्लीच करने के लिए क्लोरीन और अन्य केमिकल का उपयोग होता है, जो सीधे संपर्क में आने पर खाने को दूषित कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: ओडिशा में कोविड-19 के दो नए मामले आए सामने, हेल्थ डिपार्टमेंट ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
तेल कम करने के बेहतर तरीके क्या हैं
डॉ कपूर कहते हैं पहले तो कोशिश करें कि तली हुई चीजों को कम से कम खाएं. महीने में एक दो बार बहुत है, लेकिन अगर अकसर इनको खाने का मन करता है तो फिर एयर फ्रायर का यूज बेहतर है. इसके लिए सही तापमान (लगभग 170–180°C) पर तलें, ताकि भोजन जरूरत से ज्यादा तेल न सोखे. ध्यान रखें कि बार बार-बार इस्तेमाल किए गए तेल में तलने से बचें.
आजतक हेल्थ डेस्क