प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी करते हुए ऐसे बच्चों को माफ कर देने की बात कही थी, जिन्होंने जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनके लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था.
अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़की को एक दूसरी लड़की थप्पड़ मारती हुई नजर आ रही है. थप्पड़ मारते हुए लड़की पूछती है, “तूने गाली कैसे दी?” कुछ देर बाद वीडियो में एक और लड़की आती है, और उसे थप्पड़ मारने लगती है.
इस वीडियो के बारे में कुछ लोगों का कहना है कि मार खा रही इस लड़की ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री को गालियां दी थीं. और अब उसके घर वाले ही उसे अच्छे से सबक सिखा रहे हैं.
मिसाल के तौर पर एक व्यक्ति ने फेसबुक पर लिखा, “पढ़ने के लिए भेजा था, गाली-गलौज करने के लिए नहीं. घर वाले एक गालीबाज कॉकरोच की कुटाई कर रहे हैं.”
वहीं एक ने लिखा कि इस लड़की के परिवार वालों ने उसका गाली-गलौज वाला वीडियो देख लिया, फिर अच्छे से सीख दी. यूजर ने ये भी लिखा कि अभिभावकों को अपने बच्चों को बोलचाल और रहन-सहन की संस्कृति सिखानी चाहिए.
आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो कई महीने पुराना है, और हाल ही में हुए सीजेपी के प्रदर्शन से संबंधित नहीं है.
कैसे पता लगाई सच्चाई?
वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये आदित्य नाम के एक एक्स यूजर के हैंडल पर मिला. यहां इसे 20 जनवरी को पोस्ट किया गया था. इससे एक बात तो यहीं साफ हो जाती है कि इस वीडियो का कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है, क्योंकि जंतर मंतर पर प्रोटेस्ट 6 जून से शुरु हुआ था.
इस जानकारी के साथ सर्च करने पर हमें ‘एनडीटीवी’, ‘एबीपी न्यूज’ और ‘वन इंडिया’ समेत कई न्यूज आउटलेट्स की रिपोर्ट्स मिलीं. हालांकि किसी भी रिपोर्ट में इस घटना के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं दी गई है. लेकिन ज्यादातर रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इन लड़कियों के बीच बॉयफ्रेंड को लेकर लड़ाई हो रही थी.
उस वक्त ये वीडियो इतना ज्यादा वायरल हो गया था कि कई अंतर्राष्ट्रीय मीडिया संस्थानों ने भी इस पर खबरें छापी थीं.
ये वीडियो कहां का है, और इस लड़की के साथ मारपीट क्यों की जा रही थी, इसके बारे में हम पुख्ता तौर कुछ नहीं कह सकते हैं. लेकिन इतनी बात तो साफ है कि इस वीडियो का जंतर पर हुए प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है.
ऋद्धीश दत्ता