सब टीवी का आइकॉनिक कॉमेडी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा आज अपने 18 साल पूरे कर चुका है. साल 2008 में शुरू हुआ इस शो का सफर अभी तक सक्सेसफुली जारी है. प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी ने इसकी सालगिरह भी शो के सेट पर बड़ी धूमधाम से मनाई. पूरी कास्ट ने मीडिया से भी मुलाकात की.
सेट पर शो के सभी कलाकार नजर आए. जेठालाल के बापूजी का किरदार निभाने वाले एक्टर अमित भट्ट भी वहां थे, जिन्हें पैप्स ने अपने कैमरा पर कैप्चर किया. 18 साल पूरे होने का प्रोग्राम खत्म हुआ, तो उन्हें अपने मेकअप रूम की तरफ जाते देखा गया. इसी दौरान उनका एक अनोखा लुक नजर आया.
बापूजी का बदला अंदाज
एक्टर अमित भट्ट शो में चंपकलाल बनने के लिए जो गांधी टोपी पहनते हैं, उसे उन्होंने शूट खत्म होने के बाद निकाला. इसमें उनके घने काले बालों के साथ साइड में दो सफेद हेयर पैच दिखाई दिए, जो उन्हें बापूजी वाले लुक आने के लिए काम आते हैं. सालों पहले वो इसी रोल में आने के लिए अपने सारे बाल शेव किया करते थे. एक बार उन्होंने खुद अपने चंपकलाल वाले लुक की बैकस्टोरी शेयर की थी.
अमित भट्ट ने बताया था कि वो शो के पहले एपिसोड में विग लगाकर शूट किया करते थे. लेकिन जब उन्हें दिखने लगा कि उनका लुक कैमरा पर असली नहीं, बल्कि नकली लग रहा है तो उन्होंने खुद ही सलून में जाकर अपने सारे बाल शेव करा लिए. अमित भट्ट ने शो में बापूजी का गेटअप रखने के लिए 283 बार अपना सिर शेव किया था. इसके बाद उन्होंने एक एपिसोड में गांधी टोपी पहनी थी, जिसके बाद उनका वही लुक फिक्स हुआ.
अमित भट्ट वैसे शो में जेठालाल का किरदार निभाने वाले दिलीप जोशी से उम्र में छोटे हैं. तारक मेहता से पहले, दोनों कई सारे सीरियल्स में छोटे-मोटे रोल करते हुए साथ नजर आए थे. उनकी जोड़ी फैंस को 18 सालों बाद भी बेहद पसंद आती है. इस शो को हिट बनाने में जेठालाल और बापूजी की केमिस्ट्री ने बड़ी अहम भूमिका निभाई थी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क