टीवी की चहेती बहू सुरभि चंदना अब एक नई भूमिका में नजर आ रही हैं. सुरभि ने अपने नए शो 'Ishq Dum Aur Idli Rasam' के जरिए प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रखा है. अब एक्ट्रेस ने एक बड़ी टीम को संभालने, और अपने पति करण शर्मा के साथ काम और निजी जिंदगी में तालमेल बिठाने के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने यह भी बताया कि शोएब इब्राहिम के साथ बात न बनने के बाद अभिषेक मल्हान को कास्ट किया गया था.
'Tellychakkar' को दिए एक खास इंटरव्यू में सुरभि ने न केवल प्रोड्यूसर बनने के अपने अनुभव शेयर किए, बल्कि शो की कास्टिंग को लेकर हुए बड़े उलटफेर पर भी खुलकर बात की.
शोएब को लेकर क्या कहा?
जब सुरभि चंदना से पूछा गया कि क्या पहले शोएब इस शो के हिस्सा रहने वाले थे, तो उसके बाद फिर क्या हुआ? एक्ट्रेस ने कहा, 'मुझे लगता है कि कभी-कभी काफी लोग टेस्ट करते हैं किसी कैरेक्टर के लिए और फिर अंत में जब कहानी बनने लगती है, राइटिंग के नजरिए से आपको लगता है कि कौन सा चेहरा बेहतर फिट होगा. हमारे साथ भी ऐसा होता है एक एक्टर के तौर पर. तो मुझे लगता है कि यह एक आपसी फैसला (mutual call) था और हम आपसी सहमति से अलग हो गए क्योंकि कुछ चीजें मैच नहीं हो रही थीं. तो बहुत ही प्यार से हमारे रास्ते अलग हो गए.'
'और मुझे लगता है कि जिसके नसीब में शो होता है ना, उसे मिलता ही है. तो हमारे साथ और मेरे साथ एक एक्टर के तौर पर भी बहुत बार ऐसा हुआ है कि किसी चीज के लिए किसी ने टेस्ट किया है और अंत में कोई और कर रहा होता है. तो यह होता है, जैसा कि पास्ट में भी हुआ है.'
अभिषेक की एंट्री कैसे हुई?
जब एक्ट्रेस से पूछा गया कि अभिषेक कैसे पिक्चर में आ गए? मतलब अभिषेक के बारे में तो मुझे नहीं लगता किसी ने दूर-दूर तक सोचा भी होगा? इस पर सुरभि ने कहा, 'नहीं, मुझे लगता है हमने उन्हें उस रियलिटी शो (बिग बॉस) में ही देखा है, लेकिन उन्हें शो में एक 'शेफ' का किरदार निभाते देखना. जो बहुत ही सख्त, कॉन्फिडेंट, करियर ओरिएंटेड और बिजनेस माइंडेड सेलिब्रिटी शेफ है. वह एक अलग चुनौती थी. और हमें लगा कि वह इसके लिए बिल्कुल सही फिट होंगे और यह अच्छा रहा क्योंकि उन्हें भी कहानी पसंद आई और बस, वो जो जिगसॉ पजल (Jigsaw Puzzle) की तरह सब चीजें मैच हो गईं और अंत में हमारे पास दो कमाल के चेहरे हैं और साथ ही इतनी शानदार सपोर्टिंग कास्ट भी.'
पति को लेकर क्या कहा?
जब एक्ट्रेस से पूछा गया कि पार्टनर्स को एक ही इंडस्ट्री में और साथ में काम नहीं करना चाहिए, इस मिथ को आप क्या समझती हैं? आप क्या सोचती हैं क्योंकि अब करण और आप दोनों साथ में हैं. इस पर एक्ट्रेस ने कहा, 'असल में हमें हमारी शादी के शुरुआती छह-सात महीने टेस्टिंग पीरियड की तरह थे. जैसे शादी टेस्ट होती है, रिलेशनशिप टेस्ट होता है, वैसे प्रोफेशनल रिलेशनशिप भी टेस्ट होता है. तो छह महीने तो हमने बहुत झगड़े किए हैं. हमारे बीच बहुत डिफरेंसेस थे.'
'हां, एक बात यह है कि आप इसे अपनी शादीशुदा जिंदगी पर असर नहीं डालने देते, लेकिन फिर आप समाधान ढूंढते हैं. क्योंकि पैसा घर में आना है, पैसा जाना भी तो घर से ही है, तो थोड़ा समझदारी से सोचकर और मुझे लगता है कि एक-दो चीजें ऐसी हैं कि आपके जो टेंपरामेंट लेवल्स हैं ना, वो मैच होते हैं. जैसे मैं अगर बहुत गुस्सैल हूं—आज मैं किसी गुस्से से ही आई थी सेट पर मुझे शांत करने के लिए करण है.'
'तो मुझे लगता है कि भावनाओं का वो सही संतुलन शायद आपके पार्टनर में होता है. जाहिर है, जब आप किसी और के साथ बिजनेस पार्टनर होते हैं, तो तालमेल बिठाने में वक्त लगता है. हमें छह महीने लगे, कुछ लोगों को एक-दो साल लगते होंगे. कुछ लोग बिल्कुल अलग हो जाते हैं, उनका काम नहीं चल पाता. तो अभी तक तो हम ऐसी नाव में हैं जहां हमने एक लय पकड़ ली है. अब यह कब तक है, मुझे नहीं पता.'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क