सलमान खान और कटरीना कैफ स्टारर 'टाइगर जिंदा है' के पहले गाने Swag Se Swagat का टीजर रिलीज हो गया है. पूरा गाना मंगलवार को रिलीज किया जाएगा. फिल्म के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर टीजर रिलीज किया गया.
टीजर में सलमान और कैट के डांस की हल्की झलक देखने मिल रही है. गाने के बोल हैं स्वैग से करेंगे सबका स्वागत. 17 नवंबर को फिल्म के ऑफिशियल हैंडल पर बताया गया था कि गाना जल्दी रिलीज होने वाला है. गाने से सलमान और कैट की कुछ तस्वीरें भी शेयर की गई थीं.
इसके बाद फैंस का एक्साइटमेंट बढ़ गया था. वो बेसब्री से गाने का इंजतार कर रहे थे. फैंस का इंतजार मंगलवार को खत्म हो जाएगा.
इसके पहले 8 नवंबर को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था. ट्रेलर यूट्यूब पर 4 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जो अपने आप में रिकॉर्ड है. इसके साथ ही इसका ट्रेलर दुनिया में सबसे ज्यादा लाइक्स पाने वाला ट्रेलर बन चुका है.
फिल्म में आतंकी संगठन 25 भारतीय नर्सों को किडनैप कर लेते हैं. अब इस समस्या से निपटने के लिए टाइगर को वापस बुलाया जाता है. ट्रेलर में सलमान पर फिल्माए गए कुछ डायलॉग्स शानदार हैं जैसे, शिकार तो सब करते हैं लेकिन टाइगर से बेहतर शिकार कोई नहीं करता. सलमान को एक्शन अवतार में देखना काफी रोमांचक है. वहीं फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक भी काफी एनर्जी से भरा हुआ है. ट्रेलर को सलमान खान ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है.
क्या सच्ची घटना पर बनी है फिल्म
तीन साल पहले इराक में आईएसआईएस ने 46 भारतीय नर्सों को अगवा कर लिया था. सभी नर्स केरल से थीं. इन्हीं को बचाने की थीम पर टाइगर जिंदा है कि कहानी बनाई गई है. 2014 में सभी भारतीय नर्सों को सुरक्षित बचा लिया गया था. ट्रेलर में दावा किया गया है कि फिल्म की कहानी सच्ची घटना पर है. हालांकि नर्सों को बचाने के अभियान में अभी किसी जासूसी मिशन जैसी बात सामने नहीं आई है. फिल्म के कथानक में काफी हिसा मिडिल ईस्ट का दिखाया गया है. ये फिल्म पिछले साल रिलीज हुई एयरलिफ्ट की याद ताजा करा सकती है.
हाई एक्शन ड्रामा है फिल्म
फिल्म में एक्शन सीन्स का खूब इस्तेमाल किया गया है. ट्रेलर में इसे देखा जा सकता है. वैसे मेकिंग के दौरान ही ये बातें सामने आ रही थीं कि एक्शन सीन्स को प्रभावी बनाने के लिए वर्ल्ड क्लास स्पेशलिस्ट की मदद ली जा रही है. टाइगर इस बार भी दर्शकों का जमकर मनोरंजन करने वाली फिल्म साबित हो सकती है.
स्वाति पांडे