पिछले दिनों नवाजुद्दीन को अपनी बायोग्राफी 'An Ordinary Life' की वजह से विवादों का सामना करना पड़ा. बुक में अपनी एक्स गर्लफ्रेंड्स पर किए खुलासों के बाद वह मुसीबत में फंस गए थे. यहां तक कि उनके खिलाफ महिला आयोग में शिकायत तक दर्ज हो गई. मामला गरमाता देख उन्होंने किताब वापस ले ली. लेकिन अब खुलासा हुआ है कि नवाज ने अपनी पत्नी के कहने पर किताब वापस लेने का फैसला किया था.
सूत्रों की मानें तो एक्टर को इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उनके शब्दों से उनकी दो फ्रेंड्स इस कदर आहत होंगी. उनकी पत्नी अंजलि ने उन्हें अपनी इस गलती को सुधारने को कहा. पत्नी के कहने पर ही नवाज ने अपने शब्दों के लिए माफी मांगी और किताब वापस ली.
चर्चा है कि नवाज के लिए बुक वापस लेना आसान नहीं था. पिछले कुछ दिन उनके लिए मुश्किल भरे रहे हैं. नवाज की इंग्लिश अच्छी नहीं है, इसलिए उनकी किताब हिंदी में लिखी गई. बुक में उनके निहारिका सिंह और सुनीता राजवर पर किए खुलासों को पंसद नहीं किया गया.
किताब वापस लेने के पहले उन्होंने ट्वीट किया- मैं उन सबसे माफी मांगना चाहता हूं, जिनकी भावनाएं मेरे किताब की वजह से आहत हुई हैं. मुझे इसका पछतावा है और मैंने अपनी किताब को वापस लेने का फैसला किया है.
गौरतलब है कि किताब में नवाजुद्दीन ने मिस लवली की उनकी को-स्टार निहारिका सिंह और थिएटर आर्टिस्ट सुनीता राजवार के साथ अपने संबंधों की चर्चा की है. नवाज के खुलासे पर निहारिका ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि नवाज ने जो कुछ लिखा है, सब गलत है. नवाज की गांव में पहले से पत्नी थी और उन्होंने मुझसे यह बात छुपाई थी. इसलिए मैंने उनसे रिश्ता खत्म कर दिया था.
किताब में पहले प्यार का खुलासा करते हुए नवाज ने सुनीता राजवार का नाम लिया था. उन्होंने दावा किया कि बेरोजगारी की वजह से जब उनका ब्रेकअप हुआ, उस वक्त वो सुसाइड तक की सोचने लगे थे.
इस पर सुनीता ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर बताया कि नवाज ने कई झूठ बोले हैं. नवाज की छोड़ने की असली वजह वह नहीं थी, जो उन्होंने बताई. सुनीता ने लिखा है कि नवाज हमारी पर्सनल, इंटिमेट बातें अपने दोस्तों में बताते थे और हंसते थे. इसलिए मैंने उन्हें छोड़ दिया था.
हंसा कोरंगा