इस साल की बहुचर्चित फिल्म पद्मावती के रिलीज को लेकर बॉलीवुड गलियारों में चर्चा है कि ये 9 फरवरी को रिलीज होने जा रही है. इस खबर ने कॉमेडी फिल्म 'सोनू के टीटू की स्वीटी' के डायरेक्टर लव रंजन की टेंशन बढ़ा दी है. पद्मावती की रिलीज की चर्चा उनकी फिल्म के बिजनेस के लिए संकट बन गई है.
फिल्म के 9 फरवरी को रिलीज होने की चर्चा एक रिपोर्ट के बाद सामने आई. जिसके अनुसार फिल्म के ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूटर्स ने यूएस और अमेरिका के थियेटर्स को मूवी का शेड्यूल भेजा है. जिसके तहत पद्मावती 9 फरवरी को रिलीज होने जा रही है. फिलहाल फिल्म की रिलीज पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
'सोनू के टीटू की स्वीटी' की रिलीज पर सस्पेंस
इस चर्चा ने कॉमेडी फिल्म 'सोनू के टीटू की स्वीटी' के डायरेक्टर लव रंजन को मुश्किलों में डाल दिया है. उनकी फिल्म 9 फरवरी को रिलीज के लिए तैयार है. अगर उनकी फिल्म और पद्मावती साथ में रिलीज होती है, तो यकीनन ही 'सोनू के टीटू की स्वीटी' के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को नुकसान पहुंचेगा. कोई डायरेक्टर भंसाली की मोस्ट अवेटेड फिल्म के साथ क्लैश नहीं करना चाहेगा. निर्देशक लव त्यागी ने एक इंटरव्यू में कहा कि अगर पद्मावती के साथ डेट क्लैश होगी तो वह अपनी फिल्म की रिलीज डेट आगे खिसका लेंगे.
फिल्म रिव्यू के लिए सेंसर बोर्ड ने बनाई कमेटी
हाल ही में खबर आई थी कि सेंसर बोर्ड फिल्म रिव्यू के लिए एक कमेटी का गठन कर रहा है. CBFC ने राजस्थान के पूर्व राज परिवार को भी शामिल होने का न्योता भेजा. जानकारी के मुताबिक चेयरमैन प्रसून जोशी ने पद्मावती के वंशज और मेवाड़ पूर्व राजघराने के सदस्य विश्वराज सिंह मेवाड़ को कमेटी में शामिल होने का निमंत्रण दिया. लेकिन कमेटी का हिस्सा बनने से पहले ही विश्वराज सिंह ने सेंसर बोर्ड की कार्य प्रणाली पर कई सवाल उठाए.
इतिहासकार करेंगे पद्मावती का रिव्यू
खबरों की मानें तो राजस्थान के दो इतिहासकारों को फिल्म दिखाई गई है. जो अपना फीडबैक जनवरी की पहले हफ्ते में सेंसर बोर्ड के चीफ प्रसून जोशी को देंगे. संभावना है कि विचार विमर्श के लिए और भी इतिहासकारों को फिल्म पद्मावती दिखाई जाए.
कब रिलीज होगी पद्मावती ?
फिल्म को लेकर लंबे समय से हंगामा है. आरोप है कि संजय लीला भंसाली ने पद्मावती के व्यक्तित्व को तोड़ा-मरोड़ कर पेश किया है. विवाद की वजह से 1 दिसंबर को प्रस्तावित फिल्म सेंसर में अटक गई और इसकी रिलीज डेट टालनी पड़ी. दरअसल, मेकर्स की ओर से 17 नवंबर को सेंसर बोर्ड को फिल्म की कॉपी सौंपी गई थी. निर्माताओं की ओर से सेंसर को जो डॉक्युमेंट भेजे गए थे उसमें कई तरह की खामियां थी. फिल्म के जनवरी में भी रिलीज होने की अटकलें सामने आई हैं.
हंसा कोरंगा