फिल्म 'टॉक्सिक' के इवेंट में बड़ा हादसा, साउंड बॉक्स गिरने से 4 घायल, आयोजकों पर FIR

सुपरस्टार यश की अपकमिंग फिल्म 'टॉक्सिक' के प्री-रिलीज इवेंट में एक बड़ा हादसा हो गया. हादसे में दो छात्र घायल हो गए हैं और एक महिला बेहोश हो गई. अब इस पर पुलिस ने एक्शन लिया है.

Advertisement
टॉक्सिक इवेंट में हादसा (Photo: Social Media) टॉक्सिक इवेंट में हादसा (Photo: Social Media)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 23 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:00 PM IST

हैदराबाद में KGF स्टार यश की मचअवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. शनिवार रात एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में आयोजित इस ग्रैंड इवेंट में प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी. इसी दौरान अचानक साउंड बॉक्स का स्ट्रक्चर गिरने से एक छात्र समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. अब इस मामले में पुलिस ने एक्शन लिया है. 

Advertisement

दरअसल हादसे के वक्त साउथ सुपरस्टार यश स्टेज से अपने फैंस को संबोधित कर रहे थे. घटना के तुरंत बाद एक्शन में आई पुलिस ने आयोजकों और संस्थान के मैनेजमेंट के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है.

साउंड बॉक्स के स्टैंड पर चढ़ने से हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा शनिवार रात मेडचल स्थित मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, जब एक्टर यश स्टेज पर भाषण दे रहे थे, तो उन्हें करीब से देखने के लिए वहां मौजूद कुछ उत्साही युवा साउंड बॉक्स सिस्टम के ऊंचे स्टैंड पर चढ़ गए. अचानक वजन ज्यादा होने की वजह से पूरा स्ट्रक्चर नीचे आ गिरा, जिससे स्टैंड पर चढ़े और नीचे मौजूद चार लोग इसकी चपेट में आ गए.

अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
हादसे के तुरंत बाद चारों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. मामले की जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में एक छात्र का पैर टूट गया है, जबकि बाकी तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं. सुरक्षा में चूक और लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट और इवेंट का आयोजन करने वाली कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

हादसा देख यश ने बीच में रोका अपना भाषण
अचानक स्ट्रक्चर गिरते देख यश ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत अपना भाषण रोक दिया और फैंस का हालचाल पूछने लगे. उन्होंने माइक से ही चिंता जताते हुए कहा, 'क्या वहां सब ठीक है? प्लीज चेक करें... थोड़ा सावधान रहें. क्या आप लोग सुरक्षित हैं?' इतना ही नहीं, जब उन्होंने देखा कि कुछ और युवाओं का ग्रुप बेहतर नजारा देखने के लिए एक दूसरे ऊंचे स्ट्रक्चर पर चढ़ा हुआ है, तो उन्होंने खुद उन्हें नीचे उतरने की हिदायत दी. सब कुछ संभालने के बाद ही उन्होंने अपना संबोधन आगे बढ़ाया.

क्या है 'टॉक्सिक' की कहानी?
फिल्म 'टॉक्सिक' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. यश और मोहनदास द्वारा लिखी गई यह फिल्म एक एक्शन-थ्रिलर ड्रामा है, जिसकी कहानी 1940 के दशक की शुरुआत से लेकर 1970 के दशक के बीच गोवा के बैकड्रॉप पर सेट की गई है. फिल्म में 'केजीएफ' फेम यश एक खूंखार गैंगस्टर 'राया' का मुख्य किरदार निभाते नजर आएंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »