कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस कृषी थापंडा ने बिजनेसमैन और अपने करीबी दोस्त वैशाक की मौत के बाद पहली बार चुप्पी तोड़ी है. सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने अपना दर्द बयां किया. उन्होंने अफवाहें फैलाने वालों से अपील की और सभी से इस मुश्किल घड़ी में परिवार की निजता का सम्मान करने की गुजारिश की.
रिपोर्ट्स हैं कि, वैशाक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी. बताया जा रहा है कि ये घटना उसी अपार्टमेंट में हुई, जहां कृषी रहती थीं. हालांकि, घटना के समय एक्ट्रेस घर पर मौजूद नहीं थीं और महादेवपुरा के पास एक मेडिटेशन प्रोग्राम में शामिल थीं.
'कभी नहीं सोचा था ऐसा बयान देना पड़ेगा'
घटना के कुछ दिनों बाद अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कृषी ने लिखा- मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इस तरह का बयान लिखना पड़ेगा. मेरे पास न तो इतनी हिम्मत बची है और न ही मानसिक ताकत कि मैं ये सब लिख सकूं या दुनिया के सामने रख सकूं. उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने चुप रहने का फैसला किया था, लेकिन लगातार हो रही अटकलों और उनसे, उनके दोस्तों और दोनों परिवारों से पूछे जा रहे सवालों ने उन्हें बोलने पर मजबूर कर दिया.
'मैंने अपने दिल के बेहद करीब इंसान को खो दिया'
अपने दिवंगत दोस्त को याद करते हुए एक्ट्रेस ने लिखा- जो कुछ भी हुआ, उसमें मैंने भी अपने दिल के बेहद करीब एक इंसान को खो दिया. वो हमेशा मेरे साथ खड़ा रहा, मेरी रक्षा की और बिना किसी स्वार्थ के मेरी परवाह की. उसकी कमी ने मेरी जिंदगी में ऐसा खालीपन छोड़ दिया है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. मुझे नहीं पता कि मैं कभी इस दर्द से उबर भी पाऊंगी या नहीं.
कृषी ने खुलासा किया कि इस हादसे से पहले भी वो एक इमोशनल ट्रॉमा से गुजर रही थीं. उन्होंने लिखा- मैं लंबे समय से दर्द अपने भीतर लेकर जी रही थी और अब मुझे एक और ऐसा नुकसान झेलना पड़ा है, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती. ऐसा लगता है जैसे मैं खुद के कई हिस्से रास्ते में खो चुकी हूं.
उन्होंने ये भी कहा कि सबसे दुखद बात ये है कि उन्हें अपने दोस्त के लिए खुलकर शोक मनाने का भी समय नहीं मिला. जब उनका परिवार, दोस्त और करीबी लोग इस असहनीय दुख से जूझ रहे हैं, तब लगातार अफवाहें, बेबुनियाद बातें और किसी की मौत को कहानी बनाने की कोशिशें की जा रही हैं.
कृषी पर उठे सवाल, की भावुक अपील
कृषी ने अपने शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि वो हर किसी को व्यक्तिगत रूप से जवाब नहीं दे पाएंगी, लेकिन उनके समर्थन की बेहद आभारी हैं. उन्होंने हाथ जोड़कर मीडिया और आम लोगों से अपील की. एक परिवार ने अपना बेटा खोया है. दोस्तों ने अपना बेहद प्यारा साथी खो दिया है. लोग हर पल इस दुख के साथ जीने की कोशिश कर रहे हैं. अगर आप किसी के चेहरे पर मुस्कान नहीं ला सकते, तो कम से कम उसकी आंखों में आंसुओं की वजह मत बनिए. अगर किसी को जीने की उम्मीद नहीं दे सकते, तो उसकी उम्मीद छीनने की वजह भी मत बनिए.
पोस्ट के आखिर में एक्ट्रेस ने सभी से वैशाक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने और उनके परिवार और दोस्तों को शांति से शोक मनाने का अवसर देने की अपील की. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के कमेंट सेक्शन भी बंद कर दिए.
वैशाक को लेकर क्या कहती हैं रिपोर्ट्स?
रिपोर्ट्स के मुताबित, वैशाक अपनी पत्नी के साथ वैवाहिक विवादों का सामना कर रहे थे. इसके अलावा, कारोबारी एवीआर रेड्डी द्वारा दर्ज एक मामले के बाद भी वो तनाव में बताए जा रहे थे. कहा जा रहा है कि वो पिछले कुछ समय से कृषी थापंडा के घर पर रह रहे थे. उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क