टीवी और बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना के घर एक बेहद खुशी का पल आया है. करिश्मा और उनके बिजनेसमैन पति वरुण बंगेरा माता-पिता बन गए हैं. 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर 42 साल की करिश्मा ने एक प्यारे से बेटे को जन्म दिया है. इस साल की शुरुआत में ही इस जोड़े ने अपनी पहली प्रेग्नेंसी की खुशखबरी अपने चाहने वालों के साथ साझा की थी.
अब नन्हे राजकुमार के आने से पूरे परिवार में जश्न का माहौल है. करिश्मा और वरुण ने सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल और सुंदर पोस्ट शेयर करते हुए अपने दिल की बात फैंस के साथ शेयर की है. उन्होंने लिखा कि गुरु पूर्णिमा के इस पवित्र दिन पर उन्हें जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद मिला है और वे अपने इस छोटे से मेहमान का इस दुनिया में दिल से स्वागत करते हैं.
सोशल मीडिया पर शेयर की गुड न्यूज
करिश्मा तन्ना और वरुण बंगेरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्पेशल पोस्ट के जरिए अपने बच्चे के जन्म की जानकारी दी. पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'गुरु पूर्णिमा के पवित्र दिन पर जन्म...' हमारा सबसे बड़ा आशीर्वाद अब हमारे पास आ गया है. 29 जुलाई 2026, हमारी छोटी सी दुनिया में तुम्हारा स्वागत है. करिश्मा और वरुण'. जैसे ही यह पोस्ट सोशल मीडिया पर सामने आई, उनके फैंस, करीबी दोस्तों और टीवी-बॉलीवुड इंडस्ट्री के कलाकारों की तरफ से बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया.
करिश्मा अपने पूरी प्रेग्नेंसी फेज में बहुत एक्टिव रही हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी झलकियां खूब दिखाई.
शानदार रहा है करिश्मा का एक्टिंग करियर
करिश्मा तन्ना ने अपने करियर में छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक एक से बढ़कर एक बेहतरीन काम किया है. उन्हें टीवी के मशहूर सीरियल जैसे 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' और 'नागिन 3' में निभाई गई दमदार भूमिकाओं के लिए खास पहचान मिली.
सिर्फ एक्टिंग ही नहीं, बल्कि रियलिटी शोज़ में भी उनका प्रदर्शन जबरदस्त रहा. वह 'बिग बॉस 8' की विनर रहीं और इसके बाद 'खतरों के खिलाड़ी 10' में भी उन्होंने अपने साहसी अंदाज से दर्शकों को खूब प्रभावित किया. बॉलीवुड फिल्मों की बात करें तो करिश्मा 'संजू' और 'सूरज पे मंगल भारी' जैसी चर्चित फिल्मों में अपनी वर्सैटिलिटी दिखा चुकी हैं.
पर्सनल लाइफ की बात करें तो करिश्मा तन्ना ने फरवरी 2022 में बिजनेसमैन वरुण बंगेरा के साथ सात फेरे लिए थे. यह शादी बहुत ही सादगी और प्राइवेट तरीके से आयोजित की गई थी, जिसमें केवल दोनों परिवारों के लोग और बहुत करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे. शादी के बाद से ही करिश्मा और वरुण अपनी पर्सनल लाइफ को ज्यादातर लाइमलाइट से दूर और प्राइवेट रखना पसंद करते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क