दिलजीत दोसांझ जहां जाते हैं, वहां उनके फैंस भारी संख्या में पहुंच ही जाते हैं. कुछ ही दिनों में उनका 'औरा टूर इंडिया' शुरू होने जा रहा है, जिसमें पहला स्टॉप दिल्ली का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम होगा. हालांकि इस कॉन्सर्ट पर फिलहाल संकट के बादल मंडरा रहे हैं, माना जा रहा है कि दिल्ली में दिलजीत का शो नहीं हो सकेगा.
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को अनुमति नहीं दी है. यानी सिंगर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में परफॉर्म नहीं कर सकेंगे. ये पहला मौका है जब इंडिया में उनके किसी शो पर रोक लगी है. दिलजीत अक्सर किसी ना किसी कारण से कॉन्ट्रोवर्सी में आ जाते हैं. हालांकि दिलजीत की ओर से अभी तक उनके दिल्ली वाले शो को लेकर कोई आधिकारिक स्टेटमेंट नहीं आया है कि उनका शो कैंसिल हो रहा है या नहीं.
अपने कॉन्सर्ट में आई रुकावट पर दिलजीत ने कसा तंज?
दिल्ली कॉन्सर्ट पर सस्पेंस के बीच दिलजीत की टीम की ओर से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सिंगर उन लोगों पर तंज कस रहे हैं जो उनके काम में टांग अड़ाते हैं या उन्हें पीछे खींचने की कोशिशों में लगे हुए हैं. दिलजीत दोसांझ का पंजाबी में कहना है- जब भी कोई आपको पीछे खींचने की कोशिश करता है या आपके काम को बर्बाद करने की कोशिश करता है, तो असल में आपके अंदर और ज्यादा ताकत आ जाती है.
'कई बार ऐसा होता है कि कोई काम हमारे लिए बना ही नहीं होता, क्योंकि हमारे लिए उससे भी बेहतर कुछ इंतजार कर रहा होता है. इसलिए हमें उस चीज पर ध्यान देना चाहिए, जो आगे हमारे लिए बेहतर साबित हो सकती है. अगर आज आप किसी वजह से परेशान हैं या आपके रास्ते में कोई रुकावट आ रही है, तो हो सकता है कि यह आपके भले के लिए हो. भविष्य में आपके साथ कुछ अच्छा होने वाला हो और उसके लिए आपको मजबूत बनाया जा रहा हो. दुनिया में जो कुछ भी हो रहा है, वो ईश्वर की मर्जी से हो रहा है.'
दिलजीत के शो पर मंडरा रहा कौन-सा खतरा?
दिलजीत दोसांझ का औरा इंडिया टूर 30 अक्टूबर को दिल्ली से शुरू होने वाला था. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कॉन्सर्ट को लेकर संभावित खतरे की जानकारी मिली थी. इससे पहले दिलजीत के मैनेजर गुरपताप सिंह कंग के करनाल स्थित घर के बाहर भी गोलीबारी हुई थी. सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने कथित तौर पर इसकी जिम्मेदारी ली थी.
दिलजीत का दिल्ली कॉन्सर्ट पहले 1 नवंबर को होने वाला था, लेकिन 1984 के सिख विरोधी दंगों से प्रभावित परिवारों की भावनाओं का सम्मान करने की अपील के बाद इसकी तारीख बदलकर 30 अक्टूबर कर दी गई थी. अब पुलिस की ओर से इजाजत नहीं मिलने के बाद फैंस को कॉन्सर्ट पर स्थिति साफ होने का इंतजार है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क