साउथ फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस अहाना कृष्णा इन दिनों अपने परिवार को लेकर उठे विवाद की वजह से चर्चा में हैं. हाल ही में उनकी कजिन तन्वी ने आरोप लगाया था कि अहाना और उनके परिवार ने अपनी नानी (मां की मां) को अकेला छोड़ दिया और उनसे सारे रिश्ते तोड़ लिए. ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने अहाना के परिवार को जमकर खरीखोटी सुनानी शुरू कर दी.
अब अहाना कृष्णा ने पहली बार सामने आकर पूरे मामले की सच्चाई बताई है. उनका कहना है कि उन्होंने अपनी नानी को यूं ही अकेला नहीं छोड़ा, बल्कि उनकी कुछ हरकतों की वजह से पूरे परिवार को ये मुश्किल फैसला लेना पड़ा.
'नानी की वजह से टूट गया रिश्ता'
अहाना ने एक वीडियो में कहा कि उनकी नानी के साथ रिश्ता उनके नाना के निधन के बाद नहीं टूटा, बल्कि 31 अक्टूबर 2025 को ही परिवार ने उनसे दूरी बना ली थी.
उन्होंने बताया कि लोग सोच रहे हैं कि हमने नानी को अकेला छोड़ दिया, लेकिन सच्चाई बिल्कुल अलग है. हमारे रिश्ते बहुत पहले ही खत्म हो चुके थे. इसके बाद हम उनसे सिर्फ नाना के अंतिम संस्कार के दिन मिले थे.
'घर में हर दिन होता था झगड़ा'
अहाना का दावा है कि उनकी नानी का स्वभाव काफी मुश्किल था और परिवार के लिए उनके साथ रहना आसान नहीं था. उन्होंने कहा कि जब उनके नाना की तबीयत ज्यादा खराब रहने लगी तो घर में नर्स रखी गई, लेकिन नानी किसी भी नर्स को घर में टिकने नहीं देती थीं. सिर्फ कुछ महीनों में करीब 15 होम नर्स नौकरी छोड़कर चली गईं, क्योंकि वो नानी के व्यवहार से परेशान हो जाती थीं.
अहाना ने आरोप लगाया कि उनके नाना की हालत बहुत खराब थी, लेकिन नानी सफाई को लेकर इतनी सख्त थीं कि नर्सों को घर में आने से रोक देती थीं.
उन्होंने बताया कि एक बार नाना की नाक से खून बह रहा था. नर्स ने फोन करके कहा कि नानी उसे घर के अंदर नहीं आने दे रही हैं. जब हमने इस बारे में सवाल किया तो नानी ने ऐसी बातें कहीं जिन्हें माफ करना हमारे लिए संभव नहीं था. उसी दिन हमने उनसे दूरी बनाने का फैसला कर लिया.
'दादी को पता है हमने रिश्ता क्यों तोड़ा'
अहाना का कहना है कि उनकी नानी अच्छी तरह जानती हैं कि परिवार ने उनसे बात करना क्यों बंद किया. उन्होंने कहा कि हमने उम्र का सम्मान करते हुए बहुत सी बातें नजरअंदाज कीं, लेकिन एक समय ऐसा आया जब सब कुछ सहना नामुमकिन हो गया. हर गलती सिर्फ इसलिए माफ नहीं की जा सकती क्योंकि सामने वाला उम्र में बड़ा है.
अहाना ने अपनी कजिन तन्वी पर भी नाराजगी जताई. उनका कहना है कि तन्वी पूरे मामले की सच्चाई जानती हैं, लेकिन फिर भी उन्होंने सोशल मीडिया पर ऐसा वीडियो शेयर किया, जिससे उनके परिवार, खासकर उनकी मां की छवि खराब हुई.
अहाना ने कहा कि उनके पिता चाहते थे कि परिवार चुप रहे, लेकिन जब उनकी मां पर लगातार आरोप लगाए गए तो उन्हें सामने आकर अपनी बात रखनी पड़ी. अब इस पारिवारिक विवाद ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. एक तरफ लोग तन्वी के आरोपों पर चर्चा कर रहे हैं, तो दूसरी ओर अहाना का दावा है कि परिवार ने नानी से दूरी मजबूरी में बनाई थी, न कि उन्हें अकेला छोड़ने के लिए.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क