टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में चश्मदीद ने बताया कि वहां माहौल पूरी तरह से सामान्य था और सभी लोग फुटबॉल खेल रहे थे. इस दौरान अपारशक्ति खुराना, अभिषेक बजाज और अभिमन्यु जैसे मशहूर कलाकार भी वहां मौजूद थे. चश्मदीद ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वे लोग केवल फोटो लेने के लिए रुके थे. अचानक से चार राउंड गोलियां चलने की आवाज आई, जिससे वहां मौजूद सभी लोग बुरी तरह डर गए. घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, गाड़ी जैसे ही गेट के बाहर निकली, करीब 10 कदम की दूरी पर ही हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी. इस अचानक हुए हमले में गाड़ी के ड्राइवर के हाथ में गोली लगी, जबकि एक अन्य व्यक्ति के सीने में गोली लग गई. घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जबकि घायल प्रशंसक को ऑटो रिक्शा की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया.