बॉलीवुड एक्ट्रेस शमिता शेट्टी सोशल मीडिया पर अपनी बेबाक राय और ट्रोल्स को करारा जवाब देने के लिए जानी जाती हैं. बुधवार को एक्ट्रेस का गुस्सा एक बार फिर सातवें आसमान पर पहुंच गया, जब उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक यूजर को सरेआम लताड़ा.
दरअसल, यह ट्रोल काफी समय से शमिता की उम्र और उनकी शादी को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट्स पर भद्दे कमेंट्स कर रहा था. शमिता ने इस बार चुप रहने के बजाय उस शख्स को सबक सिखाने का फैसला किया. उन्होंने न सिर्फ उसके कमेंट्स का मुंहतोड़ जवाब दिया, बल्कि उस आदमी की प्रोफाइल का एक स्क्रीनशॉट भी अपनी स्टोरी पर शेयर कर दिया, जिसका नाम पंकज मित्तल है.
शमिता ने दिया करारा जवाब
शमिता ने उस ट्रोल को जवाब देते हुए लिखा, 'मैं इस शानदार मौके का फायदा उठाकर आपके इन 'शानदार' कमेंट्स का जवाब देना चाहती हूं. आपका कहना है कि 'आपकी उम्र हो गई है, अब पहले वाली बात नहीं रही.' तो हां, जाहिर सी बात है कि मैं अब अलग दिखूंगी. समय के साथ चीजें बदलती हैं और यह जिंदगी का एक बिल्कुल कुदरती तरीका है. इस दुनिया में कोई भी चीज हमेशा के लिए एक जैसी नहीं रहती, जिसमें हमारी शारीरिक बनावट भी शामिल है! लेकिन, अपनी आज की उम्र के हिसाब से मैं पूरी तरह सेहतमंद, फिट और खुश हूं. भगवान ने मुझे जो कुछ भी दिया है, उसके लिए मैं दिल से शुक्रगुजार हूं और मेरे लिए बस यही बात सबसे ज्यादा मायने रखती है.'
शादी की बात पर शमिता का फूटा गुस्सा
बात सिर्फ उम्र के तानों तक ही नहीं रुकी, बल्कि उस शख्स ने शमिता की पर्सनल लाइफ और शादी पर भी कमेंट किया था. उसने लिखा था कि 'अगर आपने समय पर शादी कर ली होती, तो आज आपके बच्चे बड़े हो गए होते.' इस पर शमिता ने तीखा पलटवार करते हुए लिखा, 'तो? हां, आपने तो वही बात कह दी जो सबको पता है... पर इससे क्या? भाई, आपने शादी करके आखिर कौन सा तीर मार लिया है? सबसे जरूरी बात तो यह है कि आप हम जैसी सिंगल औरतों को सोशल मीडिया पर फॉलो ही क्यों करते हैं? सिर्फ इसलिए ताकि आप हमें हमारी उम्र को लेकर ताने मार सकें और अपनी पितृसत्तात्मक, पुराने जमाने वाली सोच हम पर थोप सकें! प्लीज, मुझ पर एक एहसान कीजिए और मुझे अभी के अभी अनफॉलो कर दीजिए.'
एज-शेमिंग के खिलाफ उठाई मजबूत आवाज
अक्सर देखा जाता है कि एक खास उम्र के बाद फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस को सोशल मीडिया पर इस तरह की 'एज-शेमिंग' (उम्र को लेकर तानेबाजी) और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है. लोग बिना सोचे-समझे उनकी पर्सनल लाइफ पर उंगलियां उठाने लगते हैं. लेकिन, ऐसे माहौल में शमिता शेट्टी ने जिस तरह आगे आकर उस ट्रोल को घुटनों पर ला दिया और उसकी अकाउंट डिटेल्स सरेआम शेयर कीं, उसकी लोग तारीफ कर रहे हैं. इसे ट्रोल्स के मुंह पर एक करारा तमाचा माना जा रहा है.
सिनेमा से टीवी तक शानदार सफर
शमिता शेट्टी (47) लंबे समय से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा रही हैं. उन्होंने शाहरुख खान स्टारर सुपरहिट फिल्म 'मोहब्बतें' से बॉलीवुड में कदम रखा था. इसके बाद वह 'मेरे यार की शादी है' और 'जहर' जैसी कई बेहतरीन फिल्मों का हिस्सा रहीं. बड़े पर्दे के अलावा, शमिता ने टेलीविजन की दुनिया में भी अपनी एक मजबूत छाप छोड़ी है. उन्होंने 'बिग बॉस 3', 'झलक दिखला जा 8', 'फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 9' और 'बिग बॉस 15' जैसे देश के सबसे बड़े रियलिटी शोज में हिस्सा लिया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क