बॉलीवुड में एक समय ऐसा था, जब कई सारी फीमेल आर्टिस्ट्स #MeToo मूवमेंट के जरिए इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर या डायरेक्टर पर यौन उत्पीड़न जैसे आरोप लगा रही थीं. इसमें टीवी के संस्कारी बाबूजी के रूप में मशहूर एक्टर आलोक नाथ भी शामिल हो गए थे. राइटर-प्रोड्यूसर विनता नंदा ने उनपर आरोप लगाए कि 90s के दौरान सीरियल तारा के वक्त आलोक नाथ ने उन के साथ यौन उत्पीड़न, वॉइलेंस और रेप किया था.
आलोक नाथ ने विनता के इन आरोपों को झूठा बताते हुए उनपर मानहानि का केस भी किया था. ये केस एक ही साल में खत्म भी हो गया था. एक्टर पर लगे सभी आरोपों का कोई सबूत नहीं मिला. हालांकि इस घटना की वजह से आलोक नाथ की इमेज पर काफी बुरा असर पड़ा. अब वो किसी प्रोजेक्ट में भी नजर नहीं आते हैं.
आलोक नाथ का सहारा बने शिशिर शर्मा
शिशिर शर्मा ने हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन के इंटरव्यू में आलोक नाथ पर लगे यौन उत्पीड़न जैसे आरोपों पर रिएक्ट किया है. उन्होंने विनता के अचानक लगाए आरोपों पर सवाल उठाए. सीनियर एक्टर ने कहा- क्यों किसी पर मिट्टी उछालनी है? 20 साल पहले या उससे पहले जो भी कुछ हुआ, उसके बाद ये आरोप अभी लगाकर क्या मिला?
'जो मिला, क्या आप उससे संतुष्ट हैं? किसी की इमेज को बर्बाद करना, वो आपका सबसे बड़ा मकसद था. क्यों किया? बल्कि उस समय क्यों नहीं किया आपने जब आपके साथ वो घटना हुई? 20 साल बाद ये मी टू का जो दौर चला था, सभी लोग उस चलती गाड़ी में चढ़ पड़े. जब हुआ, तब किसी ने नहीं कहा. उस वक्त तो सब चुप बैठे रहे. इतने सालों बाद एक किसी ने चिंगारी जला दी. लेकिन वो चिंगारी भी कब खत्म हुई पता ही नहीं चला. वो मूवमेंट खत्म हो गया.'
शिशिर शर्मा ये भी कहते हैं कि अगर विनता नंदा जैसी बाकी लड़कियों को उस दौरान गलत महसूस होता, तो वो उसी वक्त बात करतीं. इतने समय बाद किसी की इमेज खराब करने का कोई मतलब नहीं था. उन्होंने आलोक नाथ के लिए अफसोस जताया, जिन्हें अब उस स्तर का काम नहीं मिल रहा जैसे वो एक्टर हैं. उन्होंने कहा कि आलोक नाथ की इमेज खराब करने का मतलब था, क्योंकि उनकी अब फैमिली भी खत्म हो गई है.
विनता नंदा पर भड़के एक्टर
शिशिर शर्मा का कहना है कि जो आलोक नाथ और विनता नंदा के बीच हुआ, वो उसे 20 साल पहले ही सुलझा लेते. उन्होंने कहा, 'आपको एक दम से सपना आता है कि आज मुझे ये करना है. मुझे लगता है कि किसी को बुरा-भला कहना मेरी फितरत में तो नहीं है.' आगे जब होस्ट ने एक्टर से कहा कि शायद विनता नंदा को बाकी लोगों की हिम्मत देखकर अपने साथ हुई घटना का एहसास हुआ होगा, इसलिए उन्होंने इतने सालों के बाद आलोक नाथ पर आरोप लगाए.
तो इसपर शिशिर शर्मा ने कुछ भी कमेंट करने से इनकार किया. उनका मानना है कि ये एक बहुत नाजुक मुद्दा है. लेकिन किसी की इमेज को खराब करना और उसकी जिंदगी तबाह करना, उसे वो गलत मानते हैं. एक्टर ने दावा किया है कि विनता नंदा के आरोपों की वजह से आलोक नाथ की जिंदगी खराब हो गई है. उन्होंने बताया कि एक समय पर उनकी बातें होती थीं. दोनों एक-दूसरे के पड़ोसी भी थे, मगर फिर समय के साथ-साथ उनका कनेक्शन टूट गया.
आलोक नाथ वैसे आखिरी बार अजय देवगन की फिल्म दे दे प्यार दे में दिखे थे, जो साल 2019 में आई थी. इसके बाद उन्होंने कैमरा से दूरी बना ली. आज वो कहां हैं, और किस हाल में हैं ये कोई नहीं जानता है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क