देश में चल रहा NEET आंदोलन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ समाप्त हुआ. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), जो जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामले में अनशन कर रही थी उन्हें 25 जुलाई को बड़ी जीत हासिल हुई. उनकी और लाखों स्टूडेंट्स की मांग पूरी हुई. लोगों ने GenZ की जमकर सराहना की, जिन्होंने इस आंदोलन को सफल बनाकर इतिहास रचा.
GenZ का ये आंदोलन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर छाया रहा. इस आंदोलन में सबसे बड़ा हाथ इंस्टाग्राम का रहा, जिसने करोड़ों लोगों के बीच स्टूडेंट्स की आवाज पहुंचाई. फिर चाहे वो मीम्स हो या वीडियो, लोगों के पास इस आंदोलन से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी पहुंची जिसे GenZ ने सफल बनाया. इस आंदोलन में बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान भी पूरी तरह छाए रहे.
कैसे GenZ आंदोलन में छाए सलमान?
सलमान खान ने 20 मार्च को संसद मार्च में दौरान छात्रों के साथ हुई हिंसा के बाद सबसे पहला पोस्ट साझा किया था. इसमें उन्होंने अपने बचपन की तस्वीर शेयर करके स्टूडेंट्स की शांतिपूर्वक लड़ाई का समर्थन किया था. सुपरस्टार ने GenZ की भी तारीफ की थी, जो पेपर लीक मामले में सड़कों पर उतर आए थे और अपनी आवाज उठा रहे थे. साथ ही साथ उन्होंने इसे एक राजनीति का मुद्दा नहीं बनाने की अपील की थी. सलमान ने पहली बार इस पूरे विवाद पर बयान दिया था, जिसके लिए उनकी जमकर तारीफ हुई थी.
सोनम वांगचुक का टूटा अनशन
हालांकि असली खेल इस पोस्ट के बाद शुरू हुआ था. सलमान ने अगले ही दिन अपने सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट साझा की थी, जिसमें उन्होंने अपने अंदाज में सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से अपनी भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की थी. सुपरस्टार ने 'सोनम, इट्स डन ब्रो' लिखकर इस अनशन को आगे ना बढ़ाने की बात कही थी. जिसके बाद कुछ ऐसा हुआ, जिसकी उम्मीद शायद किसी ने नहीं की थी.
सलमान की पोस्ट के कुछ ही घंटों बाद सोनम वांगचुक ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में अपनी भूख हड़ताल खत्म की थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर सिर्फ सुपरस्टार की वो लाइन 'सोनम, इट्स डन ब्रो' छाई रही. GenZ ने सलमान की इस लाइन पर तरह-तरह के मीम्स बनाए, जो देखने में मजेदार भी थे.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का मिला क्रेडिट!
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म होने के बाद, सलमान ने सोशल मीडिया पर एक और क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया था. इसमें उन्होंने 'सलमान डर गया' जैसी बात लिखी, जिससे वो अपने हेटर्स को एक मैसेज पहुंचाना चाह रहे थे. सुपरस्टार की ये पोस्ट 25 जुलाई की आधी रात को सामने आई थी. फिर इसके करीब 12 घंटों बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपना इस्तीफा दिया था. उसके बाद तो सोशल मीडिया पर सलमान की चर्चा और तेज हो गई.
लोग उनके प्रभाव को देखकर दंग रह गए. GenZ ने फिर से उनपर मीम्स बनाने शुरू किए, जिसमें इस बार उन्होंने सलमान की जमकर तारीफ की.
बात करें सलमान के वर्क फ्रंट की, तो वो जल्द दो फिल्मों में नजर आएंगे. एक उनकी मातृभूमि फिल्म है, जिसपर काफी समय से सस्पेंस बना हुआ है. दूसरी साउथ डायरेक्टर वामसी संग उनकी एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जो अगले साल ईद के मौके पर रिलीज होगी. सलमान इन दिनों उसी फिल्म की शूटिंग में बिजी हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क