सलमान खान बीते 35 साल से ज्यादा से बॉलीवुड का हिस्सा हैं. उन्होंने अपने लंबे करियर में कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं. लेकिन अब एक्टर ने फिल्में चुनने की अपनी प्रक्रिया को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. हाल ही में एक इंटरव्यू में सलमान ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने पूरे करियर में कभी स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी है.
सलमान का कबूलनामा
हाल ही में वैरायटी इंडिया के साथ एक खुलकर बातचीत में सलमान खान बैठे. उन्होंने अपने जीवन और करियर के अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा की. इस चैट का प्रोमो शुक्रवार को जारी किया गया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. एक्टर ने फिल्म बनाने की अपनी प्रक्रिया को लेकर जो खुलासा किया, जो कई लोगों को हैरान कर गया. सलमान ने कहा, 'मैंने अपनी पूरी जिंदगी में कभी स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी. मैंने स्क्रिप्ट लिखी हैं, लेकिन कभी पढ़ी नहीं.'
पहले भी सलमान कई बार इशारा कर चुके हैं कि वे पूरी स्क्रिप्ट पढ़ने के बजाय फिल्म के ओवरऑल फील, ट्रीटमेंट और कमर्शियल अपील को समझना पसंद करते हैं. इंटरव्यू में सलमान ने महंगी घड़ियों को लेकर लगातार चल रही चर्चा पर भी बात की. सालों से पब्लिक अपीयरेंस और इवेंट्स में वे हाई-एंड लग्जरी वॉचेस पहनते नजर आए हैं, जिनमें से कई की कीमत 1 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जाती है. इसपर सलमान ने कहा, 'आप मुझे घड़ियां पहने देखते हो, इसका मतलब ये नहीं कि वो घड़ियां मेरी हैं. वो इस दोस्त की है, उस दोस्त की है...'
सलमान आगे क्या कर रहे हैं?
सलमान जल्द ही फिल्म 'मातृभूमि' में नजर आएंगे, जिसे बड़े बदलावों का सामना करना पड़ रहा है. मार्च तक इस फिल्म का नाम 'बैटल ऑफ गलवान' था और यह गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच हुए असली संघर्ष से प्रेरित बताई जा रही थी. अब फिल्म का टाइटल बदल दिया गया है, चीन और गलवान घाटी के रेफरेंस हटा दिए गए हैं और टीम बड़े पैमाने पर री-शूट कर रही है.
सलमा खान के बैनर सलमान खान फिल्म्स के तहत बनी इस फिल्म का निर्देशन अपूर्वा लखिया कर रहे हैं. फिल्म में सलमान खान भारतीय आर्मी के कर्नल का रोल निभा रहे हैं. उनके साथ एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह हैं. इसकी रिलीज डेट का ऐलान अभी तक नहीं हुआ है. इसके अलावा सलमान ने नयनतारा के साथ अपनी अगली फिल्म के लिए ईद 2027 डेट लॉक कर ली है. अभी SVC63 नाम से कही जा रही इस अनटाइटल्ड फिल्म का निर्देशन वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क