एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा को सोशल-पॉलिटिकल मुद्दों पर दमदार तरीके से आवाज उठाने के लिए जाना जाता है. महिलाओं के हक के लिए खूब आवाज उठाने वाली ऋचा के सामने हाल ही में कुछ ऐसा हुआ कि वो थोड़ी हैरान नजर आईं. एक इवेंट से ऋचा का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला ने उनसे 'लड़कों की सुरक्षा' को लेकर सवाल करना शुरू कर दिया. महिला ने मुस्कान रस्तोगी और सोनम रघुवंशी के चर्चित मामलों का भी जिक्र किया.
वायरल हो रहे वीडियो में ऋचा अपने सेशन में ऑडियंस में बैठे लोगों के सवालों पर जवाब देती नजर आ रही हैं. इसी सिलसिले में एक महिला ऋचा से सवाल करते हुए बोलती हैं, "यहां पर बात लड़कियों को बचाने की तो हो रही है, लेकिन लड़कों को कौन बचाएगा? बेटियां तो बहुत पढ़ा लीं, बढ़ा लीं. लेकिन बेटे को क्या करें, गड्ढे में डाल दें क्या? हर बार गलती लड़के की तो नहीं होती न मैम."
इस सवाल पर ऋचा ने पहले तो कहा कि उन्हें सवाल ठीक से सुनाई नहीं दिया. फिर उन्होंने पूछा, "आपको बेटे को किससे बचाना है?"
जवाब में महिला ने कहा, "मैं ये कहना चाहती हूं कि मुझे बेटे को बचाना है मुस्कान रस्तोगी से, सोनम से बचाना है मुझे. मुस्कान रस्तोगी जिसने ड्रम में अपने पति को काटकर डाल दिया था, मुझे उस मुस्कान से बचाना है. मेरा बेटे शादी नहीं करना चाहता आज."
इस बात को काउंटर करते हुए ऋचा ने कहा, "एक औरत ने क्राइम किया, उसका नाम, पता सब याद है इन्हें देखिए. इसकी क्या वजह है? क्योंकि एक आदमी रोज ऐसा करता है, इसलिए हमें वो नाम भी याद नहीं रहते."
लेकिन फिर महिला ने आंकड़ों के साथ अपनी बात आगे बढ़ानी शुरू कर दी. उन्होंने कहा, "NCRB का डेटा कहता है कि भारत में आज 92,000 आदमी सुसाइड कर रहे हैं, ढाई गुना ज्यादा. भारत आज बलात्कारियों का देश नहीं है. मैं चाहती हूं आप इसपर भी कहानी बनाएं, मर्द के दर्द पर."
वायरल हो रहे वीडियो पर कमेंट करते हुए कई लोगों ने ऋचा से सवाल करने वाली महिला की तारीफ की. एक यूजर ने लिखा, 'वेल डन आंटी जी'. एक अन्य ने हाथ जोड़ने वाले इमोजी के साथ कमेंट किया, 'आंटी रिस्पेक्ट'. एक ने लिखा, 'आंटी रॉक्ड, ऋचा चड्ढा शॉक्ड'. ऋचा चड्ढा की बात करें तो पिछले साल मां बनने के बाद से वो काम से थोड़ा दूर हैं. अब जल्द ही वो एक सीरीज में डिटेक्टिव का रोल करती नजर आएंगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क