पैर में पड़े छाले-लिफ्ट में फंसी, कमल हासन संग काम कर रति अग्निहोत्री को लगा था डर

रति अग्निहोत्री ने फिल्म 'एक दूजे के लिए' की शूटिंग से जुड़े कई दिलचस्प किस्से सुनाए. उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान पैरों में छाले पड़ गए थे. उन्होंने खुलासा किया कि 'एक दूजे के लिए' की शूटिंग आसान नहीं थी.

Advertisement
रति को कमल हासन से लगता था डर (Photo: ITG) रति को कमल हासन से लगता था डर (Photo: ITG)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 06 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:36 AM IST

रति अग्निहोत्री ने महज 10 साल की उम्र में मनोरंजन की दुनिया में कदम रख दिया था, लेकिन हिंदी सिनेमा में उन्हें असली पहचान फिल्म एक दूजे के लिए से मिली. कमल हासन के साथ उनकी जोड़ी इस फिल्म में खूब पसंद की गई और आज भी यह हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार प्रेम कहानियों में गिनी जाती है.

हाल ही में रति अग्निहोत्री ने फिल्म की शूटिंग, निर्देशक के. बालाचंदर और कमल हासन के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए.

Advertisement

विशाखापट्टनम की गर्मी में हुई थी मुश्किल शूटिंग

द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बातचीत में रति ने बताया कि फिल्म की शूटिंग का सबसे यादगार हिस्सा विशाखापट्टनम का आउटडोर शेड्यूल था. उन्होंने कहा, "हमने कुछ ही महीनों में फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली थी, लेकिन उस समय कोई भी इसे खरीदने के लिए तैयार नहीं था. शूटिंग बेहद मुश्किल और थकाने वाली थी. कलाकारों से लेकर तकनीशियनों तक सभी को काफी मेहनत करनी पड़ी थी.''

रति ने बताया कि समुद्र किनारे मौजूद चट्टानी इलाकों में शूटिंग करने की वजह से उनके पैरों में छाले पड़ गए थे. उन्होंने कहा, "वहां इतनी गर्मी थी कि हालात मुश्किल हो जाते थे. लोकेशन पर्दे पर जितनी खूबसूरत दिखती थी, असल में उतनी ही चुनौतीपूर्ण थी. पूरी टीम ने बहुत मेहनत की थी."

के. बालाचंदर जैसे कहते थे, वैसा ही करती थीं रति

Advertisement

रति ने बताया कि उस समय उन्हें तमिल भाषा ठीक से नहीं आती थी, इसलिए वह निर्देशक के. बालाचंदर के निर्देशों पर पूरी तरह भरोसा करती थीं. उन्होंने फिल्म के एक सीन का जिक्र करते हुए कहा, "एक सीन में कमल मेरे पेट पर लट्टू घुमाते हैं और मुझे हंसना था क्योंकि गुदगुदी हो रही थी. वहीं एक दूसरे सीन में कमल की तस्वीर जल जाती है और मैं उसकी राख चाय में मिलाकर पी लेती हूं." रति ने हंसते हुए कहा कि उन्हें कभी यह नहीं बताया गया कि इसे किसी दूसरे तरीके से भी किया जा सकता है.

प्यार के जज्बात भी नहीं समझती थीं

रति ने बताया कि कई बार उन्हें सीन की भावनाएं भी पूरी तरह समझ नहीं आती थीं. उन्होंने कहा, "बालाचंदर सर कहते थे कि इस सीन में जिद्दी बनो, लेकिन मुझे नहीं पता था कि जिद्दी होना क्या होता है, फिर वो कहते थे गुस्सा दिखाओ." रति के मुताबिक, उस उम्र में उन्हें प्यार के गहरे जज्बातों की भी ज्यादा समझ नहीं थी, लेकिन उन्होंने निर्देशक के निर्देशों का पालन किया और वही उनकी सबसे बड़ी ताकत बन गया.

कमल हासन से पहले लगता था डर

रति ने माना कि शुरुआत में वह कमल हासन के साथ काम करने को लेकर थोड़ी घबराई हुई थीं. हालांकि, कमल ने उन्हें कभी असहज महसूस नहीं होने दिया. उन्होंने कहा, "कमल हासन शानदार अभिनेता हैं. वह सेट पर हमेशा मदद करते थे और मेरे सीन बेहतर करने में भी सहयोग देते थे."

Advertisement

8 घंटे में लिफ्ट के अंदर शूट हुआ था गाना

रति ने फिल्म के मशहूर गाने 'मेरे जीवन साथी' की शूटिंग को भी याद किया. उन्होंने बताया, "यह गाना शूट करना मजेदार था, लेकिन आसान नहीं था. हमें चेन्नई के ताज होटल की एक छोटी-सी लिफ्ट में सिर्फ 8 घंटे के अंदर शूटिंग पूरी करनी थी." उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान उन्हें लगातार कैमरे के एंगल का ध्यान रखना पड़ता था ताकि फ्रेम से बाहर न हो जाएं.

'इस फिल्म ने मुझे सब कुछ दिया'

फिल्म की सफलता को याद करते हुए रति भावुक भी नजर आईं. उन्होंने कहा, "आज भी लोग एक दूजे के लिए और मेरे किरदार सपना को याद करते हैं. हर फिल्म आपको कुछ न कुछ देती है, लेकिन एक दूजे के लिए ने मुझे सब कुछ दिया."

फिल्म एक दूजे के लिए 1981 में रिलीज हुई थी और आज भी इसे हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित और भावुक प्रेम कहानियों में शामिल किया जाता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »