रणबीर कपूर की रामायण इंडियन सिनेमा का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है. हजारों करोड़ के बजट और साउथ से नॉर्थ तक, बड़े नामों वाली स्टार कास्ट के साथ बन रही ये रामायण पिछले करीब एक दशक से बन रही है. हाल ही में हनुमान जयंती के मौके पर आया इसका टीजर लगातार चर्चा में है.
कुछ लोग फिल्म के स्केल और इमोशन की तारीफ कर रहे हैं. कुछ को इसके VFX में दिक्कतें नजर आ रही हैं. पर सारी चर्चाओं के बीच ये तय है कि रामायण से उम्मीदें बहुत हैं. अब रामायण के डायरेक्टर नितेश तिवारी ने फिल्म पर बात की है. उन्होंने जो बातें फिल्म के बारे में बताईं, वो उन लोगों को भी भरोसा देंगी जिन्हें फिल्म पर कुछ शक हैं. साथ ही नितेश ने ये भी बताया कि अपनी बनाई रामायण में उनका फेवरेट सीन कौन सा है.
नितेश तिवारी का फेवरेट है अपनी रामायण का ये सीन
हॉलीवुड पोर्टल कोलाइडर ने हाल ही में नितेश के साथ बातचीत का वीडियो शेयर किया है. ये बातचीत लॉस एंजेलिस, यूएस में रामायण के टीजर लॉन्च की लगती है. नितेश ने इसमें फिल्म से अपना फेवरेट सीन भी बताया.
उन्होंने कहा कि एक डायरेक्टर के लिए इस सवाल का जवाब देना बहुत मुश्किल होता है क्योंकि डायरेक्टर के लिए हर सीन उसका फेवरेट होता है. वरना वो फिल्म में ही नहीं होता. फिर भी एक सीन ऐसा है जिसे वो जनता के साथ थिएटर में देखने का इंतजार बड़ी बेसब्री से कर रहे हैं. सिर्फ ये देखने के लिए कि उस सीन के इमोशन सही से उतारने में वो कामयाब हुए हैं या नहीं.
'जब भगवान राम वनवास के लिए जाते हैं. ये बहुत इमोशनल मोमेंट है. पूरी अयोध्या महल के बाहर खड़ी है क्योंकि लोग उन्हें वनवास में नहीं जाने देना चाहते. लोग उनके साथ रो रहे हैं. ये मोमेंट बहुत इमोशनल है और मैं जब भी इसे देखता हूं भावुक हो जाता हूं. मुझे उम्मीद है कि जनता इस सीन पर वैसे ही रिएक्ट करेगी, जिस इरादे से हमने ये सीन तैयार किया है' नितेश ने बताया.
ऐसी होगी नितेश तिवारी की रामायण
उन्होंने अपनी फिल्म के बारे में जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा, 'रामायण आपको भावनाओं के सागर में गोते लगवाने वाली है. ये आपको बहुत एंगेजिंग तरीके से इमोशनल करेगी, भावुक कर देगी. साथ में आपको कुछ बेहद शानदार विजुअल्स का ट्रीट मिलेगा. और इन सबसे बढ़कर जीवन के कुछ बहुत महत्वपूर्ण सबक मिलेंगे. मुझे यकीन है कि ये एक भावनाओं से भरा एंटरटेनिंग अनुभव होगा.'
रामायण का टीजर लगातार जनता के बीच चर्चा का मुद्दा बना हुआ है. टीजर में कुछ सीन्स को लेकर जनता का एक हिस्सा डाउट में भी है कि फिल्म पता नहीं रामायण से कितना न्याय कर पाएगी. लेकिन नितेश की बातें रामायण पर विश्वास करने की पर्याप्त वजह देती हैं. देखना है कि मेकर्स फिल्म से अगला प्रमोशनल एसेट क्या रिलीज करते हैं और उस पर जनता का क्या रिएक्शन आता है. रामायण दिवाली के मौके पर नवंबर में रिलीज होगी.
aajtak.in