नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही मचअवेटेड फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट बनी हुई है. मेकर्स लगातार फिल्म के किरदारों से पर्दा उठा रहे हैं और इसी कड़ी में शुक्रवार को दो और अहम किरदारों के फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किए गए हैं. फिल्म के म्यूजिक राइट्स हासिल करने वाली कंपनी टी-सीरीज़ ने रानी कैकेयी और मंथरा का किरदार निभा रही एक्ट्रेसेस के पोस्टर्स शेयर किए हैं.
इस फिल्म में लारा दत्ता रानी कैकेयी के रोल में नजर आएंगी, जबकि शीबा चड्ढा मंथरा की भूमिका में दिखेंगी. पोस्टर्स के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है.
कैकेयी और मंथरा के लुक ने खींचा ध्यान
जारी किए गए पोस्टर्स में दोनों ही अभिनेत्रियों का लुक काफी प्रभावशाली नजर आ रहा है. लारा दत्ता रानी कैकेयी के शाही अंदाज में दिख रही हैं, जिसमें उन्होंने पारंपरिक भारतीय वेशभूषा और भारी गहने पहने हुए हैं. उनके चेहरे पर एक रानी की गरिमा साफ छलक रही है. वहीं शीबा चड्ढा को मंथरा के रूप में दिखाया गया है, जिनके हाथ में एक छड़ी दिख रही है और उनका रूप बेहद गंभीर है.
मेकर्स ने पोस्टर्स के साथ लिखी खास बात
मेकर्स ने पोस्टर्स शेयर करते हुए दोनों किरदारों के महत्व को भी खूबसूरती से बयां किया है. लारा दत्ता के पोस्टर पर लिखा गया, 'एक रानी, एक मां. दो ऐसी इच्छाएं जो एक पिता के प्यार को धोखा देंगी और राम की किस्मत हमेशा के लिए बदल देंगी.'
वहीं, शीबा चड्ढा के किरदार के लिए मेकर्स ने लिखा, 'एक चालाक दिमाग. जिसकी फुसफुसाहट एक मां के प्यार को राज्य के सबसे बुरे दौर में बदल देगी.' रामायण की पौराणिक कथा में रानी कैकेयी की दो वरदानों की मांग और मंथरा के भड़काने की भूमिका पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुई थी.
फिल्म की दमदार स्टारकास्ट
दो पार्ट में बनने वाली इस भव्य फिल्म में स्टार्स की पूरी फौज नजर आने वाली है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और साउथ सुपरस्टार यश रावण के दमदार रोल में दिखाई देंगे. इसके अलावा अरुण गोविल राजा दशरथ, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नज़र आएंगे. इस बड़े प्रोजेक्ट को नमित मल्होत्रा (प्राइम फोकस स्टूडियोज़) और यश (मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स) मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं.
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म के रिलीज प्लान की बात करें तो इसका पहला भाग यानी 'रामायण: पार्ट 1' दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज़ होगा, जिसे सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट द्वारा दुनिया भर में दिखाया जाएगा. वहीं, फिल्म का दूसरा भाग यानी 'पार्ट 2' इसके ठीक एक साल बाद यानी 2027 दिवाली पर बड़े पर्दे पर आएगा. रणबीर कपूर के वर्कफ्रंट की बात करें तो रामायण के अलावा वह संजय लीला भंसाली की आने वाली फिल्म 'लव एंड वॉर' में भी दिखेंगे, जिसमें उनके साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिका में हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क