एकता कपूर की सबसे पॉपुलर हॉरर-थ्रिलर फ्रैंचाइजी 'रागिनी MMS' एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार है. इस सीरीज की तीसरी किस्त, 'रागिनी 3' को लेकर गलियारों में चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि फिल्म की स्टार कास्ट में एक बड़ा नाम जुड़ गया है.
'वैरायटी इंडिया' के मुताबिक, तमन्ना भाटिया के बाद अब सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा की इस प्रोजेक्ट में एंट्री हो गई है. इस फिल्म में आमिर खान के बेटे जुनैद खान और नरगिस फाखरी भी नजर आएंगे. इसके साथ ही, इस प्रोजेक्ट की मुख्य कास्ट अब कथित तौर पर पूरी हो चुकी है.
आयुष शर्मा और जुनैद खान की एंट्री
आयुष शर्मा इस सुपरनैचुरल थ्रिलर में तमन्ना भाटिया के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे. उनके अलावा आमिर खान के बेटे जुनैद खान की मौजूदगी ने इस प्रोजेक्ट को और भी बड़ा बना दिया है. दिलचस्प बात यह है कि तमन्ना का किरदार फिल्म में आयुष और जुनैद, दोनों के साथ रोमांस करता दिखेगा. वहीं, बॉलीवुड की ग्लैमरस एक्ट्रेस नरगिस फाखरी इस बार एक अलग अवतार में नजर आएंगी. वह फिल्म में एक पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभा रही हैं.
बदल जाएगा फ्रैंचाइजी का अंदाज
अभी तक 'रागिनी MMS' सीरीज को अपनी इरोटिक-हॉरर यानी कामुक और डरावनी कहानियों के लिए जाना जाता था. लेकिन 'रागिनी 3' के साथ मेकर्स एक बड़ा बदलाव करने जा रहे हैं. इस फिल्म को 'डेट-नाइट हॉरर' के रूप में प्रमोट किया जा रहा है, जिसमें सस्पेंस, कॉमेडी और डर का संतुलित तालमेल होगा. मेकर्स का ध्यान इस बार शारीरिक आकर्षण से हटकर एक मजबूत सुपरनैचुरल कहानी पेश करने पर है, जो दर्शकों को अंत तक अपनी सीट से बांधे रखे।
फिल्म फिलहाल प्री-प्रोडक्शन के दौर में है और इसकी शूटिंग जुलाई 2026 में शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है. पहले इस फिल्म का डायरेक्शन साहिर रजा करने वाले थे, लेकिन उनके नेटफ्लिक्स प्रोजेक्ट के साथ तारीखों के टकराव की वजह से काम रुक गया था. अब 'खूबसूरत' और 'वीरे दी वेडिंग' जैसी हिट फिल्में दे चुके शशांक घोष ने इसकी कमान संभाल ली है. अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो मेकर्स इस फिल्म को 2026 के अंत तक सिनेमाघरों में रिलीज करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं.
बता दें कि आयुष शर्मा, जिन्होंने 'लवयात्री' (2018) से अपने करियर की शुरुआत की थी, बाद में सलमान खान के साथ 'अंतिम: द फाइनल ट्रुथ' में एक कैमियो रोल में नजर आए, और हाल ही में उन्हें 'रुसलान' (2024) में देखा गया.
वहीं दूसरी ओर, तमन्ना के पास भी आने वाले समय में कई प्रोजेक्ट्स की लंबी लाइन लगी हुई है. इसके बाद वह सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ 'Vvan — Force of the Forest' में नजर आएंगी, जो 28 अगस्त को रिलीज हो रही है; इसके बाद अजय देवगन की फिल्म 'Ranger' आएगी, जो 4 दिसंबर, 2026 को रिलीज होने वाली है.
'रागिनी MMS' की बात करें तो इसकी शुरुआत 2011 में राजकुमार राव के साथ हुई थी, जबकि 2014 में आई सनी लियोन की 'रागिनी MMS 2' और उसके गाने 'बेबी डॉल' ने बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचाया था. अब देखना होगा कि आयुष और तमन्ना की यह नई जोड़ी दर्शकों को डराने में कितनी कामयाब होती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क