सलमान खान की फिल्म के बिना इस बार की ईद तो सूनी जा ही रही है, लेकिन अगले साल के लिए उन्होंने तगड़ी तैयारी अभी से शुरू कर दी है. सलमान खान ईद 2027 के लिए एक फिल्म पर काम कर चुके हैं जिसमें उनके साथ साउथ की 'लेडी सुपरस्टार' नयनतारा लीड रोल में हैं. फिल्म का टाइटल तो अभी तय नहीं हुआ है लेकिन नेशनल अवॉर्ड विनर डायरेक्टर वम्शी पेदीपल्ली की इस फिल्म पर सिनेमा लवर्स की नजर बनी हुई है. सलमान का रोल फिल्म में धमाकेदार एक्शन से भरा होगा ये तो सामने आया था, पर अब नयनतारा के किरदार को लेकर डिटेल्स सामने आई हैं. ये डिटेल्स बताती हैं कि फिल्म में नयनतारा, सलमान को तगड़ी टक्कर देने वाली हैं.
धमाकेदार एक्शन अवतार में दिखेंगी नयनतारा
साउथ की सबसे बड़ी एक्ट्रेसेज में से एक नयनतारा ने शाहरुख खान की फिल्म जवान (2023) में एक सुपरकॉप का रोल किया था. रिपोर्ट्स बता रही हैं कि अब सलमान खान की फिल्म में भी वो तगड़े धमाकेदार अवतार में नजर आएंगी.
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, सलमान वाली फिल्म में नयनतारा का रोल बहुत एक्शन-पैक्ड है. एक सूत्र ने बताया, 'सिर्फ सलमान ही नहीं, नयनतारा भी एक्शन-पैक अवतार में नजर आने वाली हैं. एक्सपर्ट्स की देखरेख में वो खुद अपने स्टंट करने वाली हैं. जिन लोगों ने उनके एक्शन सेट-पीस देखे हैं वो अभी से इनकी तारीफ करते नहीं थक रहे.'
सूत्र ने यह भी बताया कि डायरेक्टर वम्शी की फिल्म में सलमान और नयनतारा दोनों ही बहुत डाइनैमिक अवतार में हैं और इनके किरदार आने वाले कई सालों तक याद रखे जाएंगे. सूत्र ने आगे कहा, 'सेट पर सलमान और नयनतारा की बॉन्डिंग बहुत सॉलिड है और उनकी केमिस्ट्री जनता को बहुत सरप्राइज करने वाली है.' उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही मेकर्स इस फिल्म का ऑफिशियल टाइटल भी अनाउंस करेंगे.
क्या नयनतारा बनेंगी सलमान के लिए लकी चार्म?
इस बीच सलमान खान की अगली फिल्म मातृभूमि, इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर, 14 अगस्त को रिलीज होगी. इस फिल्म को लेकर जनता में बहुत ठंडा रिस्पॉन्स है. सलमान की पिछली फिल्में सिकंदर और किसी का भाई किसी की जान भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई थीं.
ऐसे में सलमान अपने करियर की गाड़ी नए एक्सपेरिमेंट वाले किरदारों की तरफ मोड़ रहे हैं. उनके खाते में राज एंड डीके की एक सुपरहीरो फिल्म भी है. नयनतारा के लीड रोल के साथ शाहरुख खान को ब्लॉकबस्टर हिट जवान मिली थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि नयनतारा का साथ, सलमान के करियर को फिर से वो पुरानी ब्लॉकबस्टर कामयाबी दिला पाता है या नहीं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क