कॉमेडी किंग कपिल शर्मा और उनके बचपन के दोस्त चंदन प्रभाकर यानी आपके चहेते 'चंदू चायवाला' के बीच दरार की खबरें पिछले काफी समय से सुर्खियां बटोर रही थी. जब से कपिल का नया शो नेटफ्लिक्स पर शुरू हुआ और उसमें चंदन नजर नहीं आए, तब से फैंस यह मानकर चल रहे थे कि दोनों के बीच सब कुछ ठीक नहीं है लेकिन हाल ही में मुंबई में कुछ ऐसा हुआ जिसने इन तमाम अफवाहों पर पूरी तरह से लगाम लगा दी है.
दरअसल अपनी फिल्म 'दादी की शादी' की स्पेशल स्क्रीनिंग के मौके पर कपिल शर्मा न सिर्फ अपनी पत्नी गिन्नी चतरथ के साथ पहुंचे, बल्कि वहां उनके साथ चंदन प्रभाकर को भी ठहाके लगाते देखा गया. दोनों की यह बॉन्डिंग देखकर साफ हो गया कि कैमरे के पीछे इनकी दोस्ती आज भी वैसी ही अटूट है जैसी पहले हुआ करती थी.
दोनों का वीडियो वायरल
7 मई 2026 को मुंबई में फिल्म 'दादी की शादी' की एक ग्रैंड स्क्रीनिंग रखी गई थी। इस इवेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कपिल और चंदन एक-दूसरे को गले लगाकर साथ काफी सहज और खुश नजर आ रहे हैं. इस वीडियो ने उन लोगों को करारा जवाब दिया है जो यह दावा कर रहे थे कि कपिल और चंदन के बीच किसी बात को लेकर विवाद है.
फैंस इस वीडियो को देखकर लगातार कमेंट कर रहे हैं कि सोशल मीडिया की दिखावटी दुनिया से दूर इन दोनों की असली दोस्ती आज भी कायम है. एक फैन ने तो यहां तक लिख दिया कि 'कपिल और चंदू की जोड़ी बेस्ट है, ये दोनों जब साथ होते हैं तो एक-दूसरे की टांग खींचने का कोई मौका नहीं छोड़ते.'
फैंस आई 'चंदू चायवाला' की याद
चंदन प्रभाकर भले ही पिछले कुछ समय से कपिल के शो का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन दर्शकों के दिल में उनकी जगह आज भी बरकरार है. हालांकि चंदन इस बार शो में क्यों नहीं हैं, इसका कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है, पर स्क्रीनिंग पर दोनों का साथ दिखना फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है. लोगों को अब उम्मीद जाग गई है कि शायद जल्द ही ये जोड़ी पर्दे पर भी फिर से साथ नजर आएगी.
दादी की शादी हुई रिलीज
आज यानी 8 मई को फिल्म 'दादी की शादी' सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. इस फिल्म को लेकर काफी चर्चा है क्योंकि रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी ने इससे अपना बॉलीवुड डेब्यू किया है. फिल्म में नीतू कपूर, कपिल शर्मा और सादिया खतीब जैसे कलाकारों की दमदार मौजूदगी है. आशीष आर मोहन के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म एक पारिवारिक ड्रामा है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क