बॉलीवुड सुपरस्टार ऋतिक रोशन के लाखों-करोड़ों चाहने वाले हैं. ऋतिक की फिल्म देखने के लिए दर्शक हमेशा बेकरार रहते हैं. फिल्म रिलीज होने पर थिएटर में हजारों की भीड़ जमा होना भी आम बात है. पर अब सुपरस्टार ने सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाली बात कही है. ऋतिक अच्छे रोल के लिए परेशान हैं. उन्होंने इस परेशानी का जिक्र अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर किया है.
ऋतिक ने मांगे अच्छे रोल
4 जून की रात को ऋतिक रोशन ने अपनी तस्वीर शेयर की, जिसमें वो विदेश की सड़कों पर सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं. सफेद दाढ़ी और कैप में सुपरस्टार की नजरें ना जानें क्या ढूंढ़ती दिखीं. ऋतिक की तस्वीर से निगाहें हटाना मुश्किल था, लेकिन उन्होंने फोटो के साथ जो कैप्शन लिखा था, वो और भी परेशान करने वाला है.
ऋतिक लिखते हैं कि मुझसे अभी पूछा गया कि मैं किस तरह का रोल करना चाहता हूं. लेकिन अपने जवाब को लेकर सोच रहा हूं कि मैं क्या जवाब दे रहा हूं. आपको मेरा ‘लक बाय चांस’ का जफ्फर याद है? मैं वैसा ही कोई किरदार करना चाहूंगा. लेकिन डायरेक्टर मुझे सिर्फ अच्छे किरदारों में ही देखना चाहते हैं. कितने दुख की बात है.
ऋतिक खुद को ग्रे कैरेक्टर में देखना चाहते हैं, लेकिन रोमांटिक लड़के और नेक दिल इंसान वाली छवि उनका पीछा नहीं छोड़ रही. ऋतिक की पोस्ट ने उनके चाहने वालों को परेशान कर दिया है. सुपरस्टार की पोस्ट पर सिद्धार्थ आनंद ने कमेंट करते हुए लिखा कि चलो फिर. इससे फैन्स कयास लगा रहे हैं कि ऋतिक और सिद्धार्थ आनंद मिलकर कुछ बड़ा कमाल करने वाले हैं.
आखिरी बार ऋतिक रोशन को वॉर 2 में देखा गया था. उनकी ये फिल्म बड़े पर्दे पर खास कमाल नहीं कर पाई थी. वो इन दिनों सुपरहीरो फिल्म कृष 4 पर काम कर रहे हैं. ऋतिक इस फिल्म का निर्देशन भी कर रहे हैं. इसके अलावा वो स्टोर्म में भी नजर आने वाले हैं.
फैन्स ऋतिक की अपकमिंग फिल्म को लेकर एक्साइडटेड हैं. देखना होगा कि आने वाले दिनों में उनका ग्रे कैरेक्टर का सपना पूरा होता है या नहीं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क