बॉलीवुड गलियारों में इन दिनों विक्की कौशल और डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर की जोड़ी को लेकर जबरदस्त चर्चाएं है. साल 2025 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक 'छावा' की ऐतिहासिक सफलता के बाद, यह जोड़ी एक बार फिर इतिहास रचने के लिए हाथ मिलाने वाली है.
खबर है कि फिल्म 'छावा' ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर ₹807 करोड़ की रिकॉर्ड तोड़ कमाई की, जिसके बाद अब मेकर्स इस विरासत को आगे ले जाने की योजना बना रहे हैं. अब चर्चा है कि इस सफल सफर का अगला अध्याय शुरू होने वाला है, जिसमें मराठा साम्राज्य की एक और महान शख्सियत की कहानी दिखाई जाएगी.
ईटाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट से जुड़े सूत्रों की मानें तो लक्ष्मण उतेकर और विक्की कौशल एक तरह का 'सीक्वल' बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं. जहां 'छावा' संभाजी महाराज के शौर्य की कहानी थी, वहीं अगली फिल्म उनके बेटे शाहू महाराज के जीवन और उनके संघर्षों पर आधारित होगी. विक्की कौशल ने कथित तौर पर इस कहानी में गहरी दिलचस्पी दिखाई है और वह एक बार फिर उतेकर के निर्देशन में काम करने के लिए उत्साहित हैं. फिलहाल यह प्रोजेक्ट अपनी शुरुआती प्लानिंग के दौर में है और सब कुछ ठीक रहा तो इसकी शूटिंग अगले साल या 2028 की शुरुआत तक फ्लोर पर आ सकती है.
अब भले ही इस नई बायोपिक की चर्चा जोरों पर है, लेकिन विक्की और लक्ष्मण दोनों ही अभी अपने पुराने प्रोजेक्ट्स में बिजी है. लक्ष्मण उतेकर इन दिनों 'ईथा' फिल्म के डायरेक्शन में जुटे हैं, जिसमें श्रद्धा कपूर लीड रोल निभा रही हैं. इस फिल्म को पूरा करने के बाद ही वह शाहू महाराज वाली फिल्म पर काम शुरू करेंगे.
दूसरी तरफ, विक्की कौशल भी काफी बिजी हैं. वह फिलहाल संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' की शूटिंग कर रहे हैं और इसके तुरंत बाद वह भगवान परशुराम पर आधारित बड़े प्रोजेक्ट 'महावतार' की तैयारियों में लग जाएंगे. हालांकि, इस नई बायोपिक को लेकर अभी तक विक्की या उतेकर की ओर से कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट नहीं आया है.
छावा ने तोड़े थे रिकॉर्ड
वहीं लक्ष्मण उतेकर के डायरेक्शन में बनी 'छावा' में विक्की कौशल ने संभाजी महाराज और अक्षय खन्ना ने मुगल बादशाह औरंगजेब का जो किरदार निभाया था. फिल्म ने ₹807 करोड़ की जबरदस्त कमाई की थी. अब शाहू महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म की खबर ने फैंस की बेताबी को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है.
aajtak.in