बॉलीवुड सुपरस्टार सनी देओल की मच-अवेटेड पीरियड-ड्रामा फिल्म 'बंटवारा 1947' का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज हो गया है. ट्रेलर सामने आते ही फिल्म के प्रमोशन का सिलसिला भी तेजी से शुरू हो गया है. इसी सिलसिले में सनी देओल फिल्म के डायरेक्टर राजकुमार संतोषी के साथ राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंचे, जहां उन्होंने शहर से जुड़ा अपना दशकों पुराना एक खास किस्सा फैंस के साथ शेयर किया.
सनी देओल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे डायरेक्टर राजकुमार संतोषी के साथ नजर आ रहे हैं. इस खास वीडियो को पोस्ट करते हुए सनी ने लिखा कि जिंदगी में कुछ सफर ऐसे मोड़ों पर आकर पूरे होते हैं, जिनकी इंसान कभी पहले से कोई योजना या प्लानिंग नहीं बना सकता.
जब कोई 'घायल' बनाने को तैयार नहीं था
पुरानी यादों को ताजा करते हुए सनी ने बताया कि सालों पहले उन्हें एक यंग लेखक और डायरेक्टर राजकुमार संतोषी की लिखी एक स्क्रिप्ट पर भरोसा था. दोनों उस वक्त उस कहानी को लेकर कई प्रोड्यूसर्स के पास गए, लेकिन कोई भी उस फिल्म पर दांव लगाने या उसे सपोर्ट करने के लिए तैयार नहीं हुआ. जब हर तरफ से निराशा मिली, तब सनी ने उस स्क्रिप्ट को अपने पिता और हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र के पास ले जाने का फैसला किया.
रामबाग पैलेस और 'घायल' की शुरुआत
उस दौर को याद करते हुए सनी ने लिखा कि साल 1988 में उनके पापा धर्मेंद्र जयपुर के मशहूर रामबाग पैलेस में ठहरे हुए थे और अपनी फिल्म 'बंटवारा' (1989) की शूटिंग कर रहे थे. वहीं पर राजकुमार संतोषी ने उन्हें अपनी कहानी सुनाई. जैसे ही नरेशन खत्म हुआ, धर्मेंद्र ने तुरंत फिल्म के लिए हां कह दी.
सनी ने बताया कि उनके लिए फिल्म बनने से ज्यादा खुशी इस बात की थी कि उनके पिता को उन पर बहुत गर्व हुआ कि उन्होंने इतनी बेहतरीन कहानी को पहचाना और उसका साथ दिया. उसी भरोसे के दम पर आगे चलकर ब्लॉकबस्टर फिल्म 'घायल' बनी.
1989 से 2026 तक
इतने लंबे समय बाद उसी शहर जयपुर में लौटने पर सनी इमोशनल नजर आए. उन्होंने लिखा कि एक तरफ 1989 में आई उनके पापा की फिल्म 'बंटवारा' थी और आज इतने सालों बाद 2026 में उनकी अपनी फिल्म 'बंटवारा 1947' है. वही शहर, वही यादें और एक ऐसा सफर जो आज आकर पूरी तरह से खूबसूरत अंदाज में पूरा होता हुआ महसूस हो रहा है.
पिता और दोस्त का जताया आभार
अपने नोट के आखिर में एक्टर ने अपने दिल की बात लिखते हुए कहा कि वे हमेशा अपने पिता के आभारी रहेंगे, जिन्होंने उनके फैसले पर इतना बड़ा भरोसा दिखाया. इसके साथ ही उन्होंने अपने खास दोस्त और डायरेक्टर राजकुमार संतोषी का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उन्हें एक ऐसी दमदार कहानी दी, जिसके लिए खुलकर लड़ा जा सके.
कब रिलीज होगी फिल्म?
तो सनी देओल और राजकुमार संतोषी ने अब तक साथ में तीन फिल्में (घायल, दामिनी और घातक) की हैं और तीनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई हैं. अब 14 अगस्त 2026 को 'बंटवारा 1947' रिलीज के लिए एक दम तैयार है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क