मशहूर प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने उनके फैंस की चिंता बढ़ा दी है. ये वीडियो पद्म पुरस्कार समारोह का है, जहां हाल ही में उन्हें नई दिल्ली में पद्म भूषण सम्मान से नवाजा गया.
व्हील चेयर पर दिखीं सिंगर
वीडियो में अलका याग्निक व्हीलचेयर पर बैठी नजर आ रही हैं. वो काफी कमजोर दिखाई दे रही हैं और उनके साथ मौजूद एक शख्स उन्हें सहारा देता दिख रहा है. वीडियो सामने आते ही फैंस उनकी सेहत को लेकर परेशान हो गए और उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने लगे. फैंस का कहना है कि वो अपनी फेवरेट सिंगर को इस तरह से बेबसी की हालत में देख नहीं पा रहे हैं.
एक यूजर ने लिखा- अलका याग्निक जी के लिए शक्ति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं. उम्मीद है वो जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर वापस लौटेंगी. वहीं दूसरे फैन ने लिखा- भगवान उन्हें जल्द ठीक करें, हम उन्हें फिर किसी म्यूजिक शो में देखना चाहते हैं.
अलका याग्निक को क्या हुआ है?
साल 2024 में अलका ने फैंस को तब चौंका दिया था, जब उन्होंने खुलासा किया था कि वो एक दुर्लभ सुनने की बीमारी से जूझ रही हैं. इस बीमारी को सेंसरिन्यूरल हियरिंग लॉस (SNHL) कहा जाता है. इस समस्या के कारण उनकी सुनने की क्षमता पर गंभीर असर पड़ा है.
अलका ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए बताया था कि एक वायरल इंफेक्शन के बाद अचानक उनकी सुनने की शक्ति पर असर पड़ा है. उन्होंने लिखा था- कुछ हफ्ते पहले जब मैं फ्लाइट से उतरी, तो अचानक मुझे महसूस हुआ कि मैं कुछ भी सुन नहीं पा रही हूं. इसके बाद डॉक्टरों ने जांच में बताया कि उन्हें रेयर सेंसरी न्यूरल नर्व हियरिंग लॉस हुआ है.
इस बीमारी का असर उनके करियर पर भी पड़ा है, हालांकि कई म्यूजिक डायरेक्टर और कंपोजर आज भी उन्हें गानों के ऑफर दे रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वो अभी रिकॉर्डिंग में पूरी तरह वापसी नहीं कर पाई हैं.
अलका याग्निक का आखिरी रिकॉर्ड किया गया गाना इम्तियाज अली की फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' का 'नरम कालजा' था, जिसे ए.आर. रहमान ने कंपोज किया था. इसके बाद से उन्होंने किसी नए गाने को अपनी आवाज नहीं दी है.
फिलहाल फैंस उनकी सेहत में जल्द सुधार की कामना कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि वो जल्द ही पहले की तरह संगीत की दुनिया में वापसी करेंगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क