23 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दूसरे चरण में पद्म पुरस्कार दिए. 65 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया. संगीत की दुनिया में अहम योगदान देने के लिए सिंगर अलका याग्निक को पद्म भूषण से नवाजा गया. पद्म भूषण लेने के बाद सिंगर ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने फैन्स को अपनी हेल्थ के बारे में बताया है.
अलका याग्निक की पोस्ट
मंगलवार को अलका याग्निक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्म भूषण सम्मान लेने पहुंचीं. 60 साल की गायिका को एक शख्स की मदद से मंच पर चढ़ते देखा गया. उनका वीडियो जैसे ही फैन्स की नजरों के सामने आया सब उन्हें लेकर चिंतित हो गए. अब उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी हेल्थ के बारे में बताया है. सिंगर का कहना है कि वो पिछले दो साल से स्पॉटलाइट से दूर हैं, क्योंकि वो हेल्थ संबंधी परेशानियों से जूझ रही हैं.
सिंगर ने लिखा कि पिछले 2 साल से मैं सुर्खियों से दूर हूं. सार्वजनिक मौजूदगियों और अपनी यात्रा साझा करने से दूर रही हूं. आप में से कई लोग जानते हैं कि मैं कठिन स्वास्थ्य दौर से गुजर रही थी और इस सब के बीच आपका प्यार, दुआएं, संदेश और अटूट समर्थन हर कदम पर मेरे साथ रहा. आज जब मैं देश के एक सर्वोच्च नागरिक सम्मान, प्रतिष्ठित पद्म भूषण लेने के लिए आई, तो मेरा दिल आभार से भरा हुआ था. ये सम्मान मुझे बहुत विनम्रता से मिला. इस पर भले ही मेरा नाम है, लेकिन ये उतना ही उन हर श्रोता का भी है जिन्होंने अपनी जिंदगी में मेरी आवाज को जगह दी. मेरे गानों को पीढ़ियों तक पहुंचाया और उतार‑चढ़ाव दोनों में मेरा साथ दिया.
उन्होंने कहा कि ये पल मेरे लिए बहुत मायने रखता है. ये सिर्फ मेरे काम की मान्यता नहीं है, बल्कि प्यार, उम्मीद और हिम्मत से मिलने वाली ताकत की याद दिलाने वाला भी है. मैं धीरे-धीरे फिर से अपने पैरों पर खड़ा हो रही हूं और मैं आज यहां मौजूद होना चाहती थी, ना सिर्फ अपने लिए, बल्कि उन सभी के लिए जो इस सफर का हिस्सा रहे हैं.
मैं भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्रालय और भारत सरकार का दिल से आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मुझे यह असाधारण सम्मान दिया. मैं इसे अत्यधिक विनम्रता और सम्मान के साथ स्वीकार करती हूं. प्रार्थनाएं और मुझ पर आपका विश्वास जताने के सिए धन्यवाद. मैं सब कुछ अपने साथ संजो कर रखती हूं.
अंत में उन्होंने लिखा कि आज मैंने सिर्फ एक पुरस्कार स्वीकार नहीं किया, मुझे उन लाखों लोगों का प्यार महसूस हुआ जो मेरे सफर का हिस्सा रहे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क