हिंदी सिनेमा में आने वाले हर हीरो की किस्मत अच्छी नहीं निकलती. कुछ स्टारडम देखने के बाद इंडस्ट्री से गायब हो जाते हैं. ऐसे ही चंद लोगों में ऐश्वर्या राय के को-स्टार मिर्जा अब्बास अली का नाम शुमार है. अब्बास ने फिल्म इंडस्ट्री में लगभग दो दशक से अधिक समय तक काम किया. वो कमल हासन और शाहरुख खान के साथ 'हे राम' में भी नजर आए थे.
कैसे डूबा करियर
मिर्जा अब्बास अली ने 1996 में फिल्म कधल देसम से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. फिल्म में तब्बू और विनीत जैसे एक्टर्स लीड रोल में थे. फिल्म सुपरहिट साबित हुई. डेब्यू फिल्म से अब्बास तेलुगू इंडस्ट्री के चमकते सितारे बन गए. तेलुगू के बाद उन्होंने मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में भी अपना हुनर साबित किया. वो देखते ही देखते साउथ के पॉपुलर एक्टर बन गए.
हालांकि, कुछ वक्त बाद उनकी फिल्मों का क्रेज कम हो गया. बॉक्स ऑफिस पर उनकी फिल्मों का बुरा हाल होने लगा. धीरे-धीरे उन्हें फिल्मों के ऑफर आना बंद हो गए. इस दौरान उन्होंने बिजनेस में हाथ आजमाया. उन्होंने दुबई में प्रॉपर्टी खरीदने के तमाम पैसे गंवाए. कर्ज चुकाने के लए उन्होंने फिल्मों में छोटे-मोटे रोल फ्री में किए. अब्बास ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उनकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि वो किराया और सिगरेट जैसी चीजें भी नहीं खरीद पाते थे. कर्ज चुकाने के लिए उन्हें फ्लैट्स और कोयमबेडू की अपनी जमीन तक बेचनी पड़ी.
आर्थिक तंगी से जूझ रहे अब्बास ने इंडिया छोड़कर न्यूजीलैंड जाने का फैसला किया. विदेश में उन्होंने बाइक मैकेनिक और टैक्सी ड्राइवर के रूप में काम किया. यहां तक कि उन्होंने टॉयलेट भी साफ किए. 2010 में अब्बास का जो स्ट्रगल शुरू हुआ वो कई सालों तक चला. साल 2023 में वो 'बिग बॉस तमिल' 7 में बतौर कंटेस्टेंट नजर आए थे. आज वो मोटिवेशन स्पीकर हैं. 11 साल के ब्रेक के बाद अब्बास ने 2026 में फिल्म 'हैप्पी राज' से वापसी की, जिसका ऑफिशियल पोस्टर दिसंबर 2025 में जारी किया गया था. अब्बास सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं और फैन्स से बीतचीत करते रहते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क