ब्रॉडवे-स्टाइल के पौराणिक म्यूजिकल 'महाबली' में रावण का किरदार निभाने वाले एक्टर आर्य बब्बर ने 'रामायण' फिल्म में यश के राक्षस राजा वाले लुक पर अपनी राय दी है. यह फिल्म इस साल सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. बब्बर ने यश के लुक पर कुछ सवाल उठाए और कहा कि उन्हें इसमें कुछ भी खास नया या अलग नहीं लगा.
'वैरायटी इंडिया' से बात करते हुए बब्बर ने साफ किया कि सिर्फ ट्रेलर के आधार पर एक्टर के किरदार को आंकना अभी जल्दबाजी होगी. हालांकि, उन्होंने कहा कि यश का लुक उन्हें 'KGF' फ़्रैंचाइजी वाले उनके लुक की याद दिलाता है. आर्य ने ये भी कहा, 'आदिपुरुष में सैफ अली खान एक्टर के तौर पर सैफ काफी अच्छे लगे थे.'
आर्य बब्बर ने क्या कहा?
आर्य बब्बर ने कहा, 'सच कहूं तो मुझे उनके लुक में कॉस्ट्यूम के अलावा कुछ भी नया नहीं लगा. दाढ़ी वैसी ही है जैसी 'KGF' में थी. 'रामायण' में मुझे कोई नया लुक नहीं दिखा. मैंने 'टॉक्सिक' में उनका एक नया लुक देखा था, लेकिन इसमें वैसा कुछ नहीं दिखा.'
एक्टर ने यह उम्मीद भी जताई कि यश इस किरदार में कुछ दमदार पेश करेंगे और कहा कि पूरी फिल्म देखने के बाद दर्शकों को एक्टर का एक अलग पहलू देखने को मिल सकता है.
ग्लोबल ऑडियंस के लिए फिल्म
आर्य बब्बर ने आगे कहा कि अभी के लिए, 'रामायण' में यश का लुक काफी हद तक वैसा ही है जैसा दर्शक 'KGF' में देख चुके हैं. उन्होंने यह भी कहा कि यह फिल्म सिर्फ भारतीय दर्शकों के लिए नहीं, बल्कि ग्लोबल दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है.
हालांकि बब्बर ने यश के लुक पर सवाल उठाए हैं, लेकिन उन्हें इस बात की भी उम्मीद है कि एक्टर की पूरी परफॉर्मेंस रावण के किरदार को एक नया नजरिया देगी.
'रामायण: पार्ट वन' दुनिया भर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर, 2026 को रिलीज होने वाली है. प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने अपनी फिल्म की एडवांस बुकिंग दशहरा के मौके पर शुरू करने वाले हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क