Durga Puja 2026: मुंबई में ढाक की थाप पर एक बार फिर काजोल वाली दुर्गा पूजा शुरू हो गई है. नॉर्थ बॉम्बे सर्बोजनिन पंडाल में हर तरफ गुलाब की पंखुड़ियां और मां के आने की खुशी है. फिल्म इंडस्ट्री का मुखर्जी परिवार भी मां के रंग में रंग चुका है.
पंडाल में दीप जलाकर पूजा की विधिवत शुरुआत की गई. परिवार के बड़े-बुजुर्ग, व्हीलचेयर पर बैठे सदस्य से लेकर सभी ने मिलकर मां के सामने हाथ जोड़े.
तस्वीरों में काजोल अपनी मां तनूजा और बहन तनीषा के साथ मां दुर्गा के दरबार में नजर आईं. लाल-नारंगी साड़ी में काजोल का चेहरा मां के आशीर्वाद से और भी ज्यादा खिल रहा था.
इस पंडाल की शुरुआत का सबसे खास पल वो रहा जब दोनों बेटियां- काजोल और तनीषा, मां तनूजा का खास ख्याल रखती दिखीं. तनूजा अब 83 साल की हो चुकी हैं, वो बहुत कम कहीं जाती हैं. वेटरन एक्ट्रेस ज्यादातर मास्क लगाए सबके बीच बैठी दिखीं. इनका वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है.
काजोल का परिवार हर साल दुर्गा पंडाल लगवाता है. ये मुंबई में लगने वाले सबसे पुराने पंडालों में से एक है. इस दौरान एक्ट्रेस के लुक की भी खूब चर्चा रहती है, वो सिंदूरी लाल साड़ी और अपनी वही बेबाक अदाएं दिखाती नजर आईं, जैसे कह रही हों - पंडाल मेरा है.
दुर्गा पूजा के आगाज में शोबिज की चकाचौंध से दूर काजोल की कजिन शर्बानी भी नजर आईं. वो आज भी उसी सादगी में जी रही हैं. ना भारी मेकअप ना दिखावा, पिंक सैटिन सूट के साथ मल्टी कलर दुपट्टा मैच किए एक्ट्रेस अपनी चमक बिखेरती दिखीं. परिवार के साथ वो भी हर साल इस कार्यक्रम का हिस्सा बनती हैं.
काजोल की छोटी बहन तनीषा ने नीले रंग की फूलों वाली जामदानी साड़ी में सबका दिल जीत लिया. कभी वो अकेले पोज देती दिखीं तो कभी पति के साथ कैमरे के सामने मुस्कुराती नजर आईं.
सबसे खूबसूरत पल वो था जब तीनों पीढ़ियां एक-दूसरे के गले लगीं. शेर पर सवार मां दुर्गा के सामने काजोल का अपनी मां को किस करना और तनीषा का साथ देना, ये तस्वीर पूरे परिवार के प्यार की कहानी कह रही है.
काजोल ने भी तस्वीरें शेयर कर अपनी फीलिंग्स एक्सप्रेस की और लिखा- आज का दिन मां के हर रूप के लिए- एक मां की, एक बेटी, एक रक्षक और एक देवी की तरह. जय मां दुर्गा और अब इस पागलपन की शुरुआत हो रही है.
दिनों तक चलने वाले इस सेलिब्रेशन का हिस्सा फिल्म मेकर अयान मुखर्जी भी बने. फिलहाल मुखर्जी परिवार के इस पूजा पंडाल में बॉलीवुड का मेला लगना बाकी है. हर साल की तरह इस साल भी यहां सितारों की भीड़ उमड़ने वाली है.
(Photos: Yogen Shah)