फिल्म और टीवी इंडस्ट्री की चमक-दमक के पीछे कई बार ऐसे विवाद भी सामने आते हैं, जो सितारों को कोर्ट-कचहरी और यहां तक कि जेल तक पहुंचा देते हैं. रिया चक्रवर्ती से लेकर मोनिका बेदी तक, कई एक्ट्रेसेज कानूनी मामलों की वजह से सुर्खियों में रह चुकी हैं. आइए जानते हैं उन एक्ट्रेसेस के बारे में जो किसी न किसी मामले में जेल जा चुकी हैं.
एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती का नाम साल 2020 में सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद सामने आए ड्रग्स एंगल की जांच के दौरान नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने उन्हें गिरफ्तार किया था. रिया करीब 28 दिन तक मुंबई की भायखला जेल में रहीं, जिसके बाद उन्हें जमानत मिल गई.
90 के दशक की जानी-मानी एक्ट्रेस मोनिका बेदी का नाम गैंगस्टर अबू सलेम के साथ जुड़ने के बाद काफी चर्चा में रहा. उन्हें पुर्तगाल में गिरफ्तार किया गया था. बाद में फर्जी दस्तावेजों और गलत नाम से पासपोर्ट हासिल करने के मामले में उन्हें सजा भी सुनाई गई. हालांकि बाद में उनकी सजा की अवधि कम कर दी गई थी.
'टॉयलेट: एक प्रेम कथा', 'पैडमैन' और 'रुस्तम' जैसी फिल्मों की प्रोड्यूसर प्रेरणा अरोड़ा भी कानूनी विवादों में फंस चुकी हैं. करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था. इस मामले में वो करीब आठ महीने तक जेल में रहीं.
नेशनल अवॉर्ड विनर एक्ट्रेस श्वेता बसु प्रसाद को साल 2014 में हैदराबाद में एक हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट मामले में गिरफ्तार किया गया था. उस समय ये मामला काफी चर्चा में रहा. हालांकि बाद में श्वेता ने खुद को पीड़ित बताया और मामले में अपने शामिल होने से इनकार किया था.
90 के दशक की फेमस एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी का नाम भी कई विवादों से जुड़ा रहा है. उन्हें और उनके पति विक्की गोस्वामी को कथित तौर पर ड्रग्स से जुड़े एक मामले में केन्या में गिरफ्तार किया गया था. बाद में भारत में भी अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े मामलों में उनका नाम चर्चा में आया.
एक्ट्रेस और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संदीपा विर्क भी कानूनी विवादों के कारण सुर्खियों में रह चुकी हैं. मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो करीब चार महीने तक तिहाड़ जेल में रहीं.
कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस रान्या राव का नाम हाई-प्रोफाइल गोल्ड स्मगलिंग केस में सामने आया था. इस मामले में उन्हें जेल की सजा सुनाई गई, जिसके बाद वो लंबे समय तक खबरों में बनी रहीं.
टीवी एक्ट्रेस इंदु वर्मा भी फर्जीवाड़े से जुड़े एक मामले में कानूनी कार्रवाई का सामना कर चुकी हैं. अदालत ने उन्हें जालसाजी के मामले में दोषी मानते हुए तीन साल की जेल की सजा सुनाई थी.
पायल रोहतगी को साल 2019 में सोशल मीडिया पर नेहरू-गांधी परिवार को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में अहमदाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था. हालांकि, गिरफ्तारी के कुछ दिनों बाद उन्हें जमानत मिल गई थी. ये मामला उस समय काफी चर्चा में रहा था.