उत्तर प्रदेश में हारी हुई सीटों को लेकर प्रदेश की बीजेपी सरकार अभी से तैयारियों में जुट गई है. इसी क्रम में देवरिया जिले की भाटपार रानी विधानसभा सीट पर कमल खिलाने के लिए प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने अभी से कमर कस ली है. बता दें कि इस सीट पर बीजेपी को आज तक कभी जीत हासिल नहीं हुई है.
कल योगी आदित्यनाथ भाटपार रानी के बहियारी बघेल के रघुराज सिंह की मूर्ति अनावरण के बहाने, रघुराज सिंह इंटर कालेज में विशाल सभा को संबोधित करेंगे. योगी सबसे पहले कांग्रेस से 1974 में विधायक रहे स्वर्गीय रघुराज सिंह की मूर्ति का अनावरण करेंगे, उसके बाद कई परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास कर यहां की जनता को सौगात देने काम करेंगे.
4 बार से सपा का कब्जा
आपको बता दें कि भाटपार रानी सीट पर 4 बार से समाजवादी पार्टी का कब्जा रहा है. इस समय समाजवादी पार्टी से आशुतोष उपाध्याय विधायक हैं. पिछले चारों बार से इस सीट पर उपाध्याय परिवार से ही विधायक रहे. इनसे पहले इनके पिता कामेश्वर उपाध्याय विधायक थे.
मोदी लहर में भी सफलता नहीं
सबसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम यह है कि मोदी लहर में देवरिया जिले की 7 सीट में से 6 पर बीजेपी ने कब्जा किया था, जबकि भाटपार रानी सीट ही ऐसी थी जहां मोदी लहर में भी सपा ने अपनी सीट बरकार रखी.
आपको बता दें कि बहियारी बघेल में चुनावी सभा के सियासी मायने हैं. क्षत्रिय बाहुल्य तीन गांवों में बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक हैं. स्वर्गीय रघुराज सिंह के पौत्र राघवेंद्र वीर विक्रम सिंह स्थानीय भाजपा के प्रमुख चेहरों में से एक हैं.
राम प्रताप सिंह