'स्पेशल प्लेन में नोटों से भरे बक्से ला रही है बीजेपी, ED-CRPF की भी चेकिंग हो,' बोले भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजेपी पर बक्सों में पैसे लाने का आरोप लगाया है. बघेल ने कहा कि जितने भी स्पेशल प्लेन छत्तीसगढ़ में उतर रहे हैं, उन सबकी जांच होनी चाहिए. आखिर बक्सों में भरकर क्या आ रहा है? छापों के नाम पर आ रही ED और CRPF के वाहनों की भी जांच की जानी चाहिए.

Advertisement
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल. (फाइल फोटो) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल. (फाइल फोटो)

aajtak.in

  • रायपुर,
  • 02 नवंबर 2023,
  • अपडेटेड 2:09 PM IST

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की वोटिंग से पहले कांग्रेस नेता और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है. सीएम ने बीजेपी पर स्पेशल प्लेन के जरिए बक्सों में भरकर पैसे लाने का आरोप लगाया है. उन्होंने ईडी और सीआरपीएफ को भी सवालों के घेरे में रखा. बघेल का कहना था कि इनके वाहनों की भी जांच किए जाने की जरूरत है.

Advertisement

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने बड़ी साजिश का आरोप लगाया और कहा, निर्वाचन आयोग से अनुरोध है कि जितने भी स्पेशल प्लेन छत्तीसगढ़ में उतर रहे हैं, सबकी जांच की जाए. आखिर बक्सों में भरकर क्या आ रहा है? छापों के नाम पर आ रही ED और CRPF के वाहनों की भी जांच की जाए. बघेल ने कहा कि, ईडी और सीआरपीएफ के वाहनों की चेकिंग नहीं हो रही है. ईडी आए और जांच करे. लेकिन, चुनाव आयोग से कहना चाहूंगा कि इनके वाहनों की भी अनिवार्य रूप से चेकिंग होनी चाहिए.

'बीजेपी हार मान चुकी है...'

बघेल ने कहा, बीजेपी हार मान चुकी है. ये आखिरी दांव है कि बक्सों में पैसे भर-भरकर लाए जा रहे हैं. उसका उपयोग मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया जाएगा.

'बीजेपी किसी भी स्तर तक जा सकती है...'

Advertisement

उन्होंने कहा, हमारे प्रदेश में ही इतनी सीआरपीएफ की टुकड़ियां हैं, फिर बाहर से लाने का क्या मतलब है? यही आशंका है कि पैसे भर-भरकर लाए जा रहे हैं. हो सकता है कि उनमें नोट हों या दूसरा सामान हो. बीजेपी के लोग किसी भी स्तर तक जा सकते हैं. सत्ता पाने के लिए वो किसी स्तर तक जा सकते हैं. जितना आप नीचे जाने की सोचेंगे, वे वहां से शुरू करते हैं. उसको आप सोच नहीं सकते. चुनाव आयोग इसे संज्ञान ले. हमारी पार्टी भी शिकायत करेगी. कल स्पेशल प्लेन से बक्से आए हैं. सरकारी थे तो सब निकल गए. सबकी चेकिंग हो रही है तो इनकी चेकिंग क्यों नहीं की जा रही है. 

बता दें कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा की 90 सीटों पर दो चरणों में चुनाव हैं. पहले फेज के लिए 7 नवंबर को 20 सीटों पर वोटिंग होगी. दूसरे फेज में 70 सीटों पर 17 नवंबर को वोटिंग होनी है. 3 दिसंबर को रिजल्ट आएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement