पीएम मोदी गुरुवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे. उन्होंने अपने भाषण में कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद इलाके की एक-एक समस्या का समाधान किया जाएगा.
इस दौरान पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल को छह गारंटी दी. पीएम मोदी ने कहा कि,
1. भाजपा डर के माहौल को खत्म कर विश्वास का वातावरण बनाएगी और कानून के शासन में लोगों का भरोसा बहाल करेगी.
2. व्यवस्था को जवाबदेह बनाया जाएगा.
3. हर घोटाले, हर भ्रष्टाचार और हर अन्याय की जांच की जाएगी.
4. टीएमसी के शासन में भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को जेल भेजा जाएगा.
5. शरणार्थियों को संविधान के तहत सभी अधिकार दिए जाएंगे, जबकि घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा.
6. जैसे ही भाजपा सरकार बनेगी, 7वें वेतन आयोग को लागू किया जाएगा.
पीएम मोदी ने जोर देते हुए कहा कि '4 मई के बाद बंगाल में कानून का राज स्थापित होगा. हर तरह की गुंडागर्दी का हिसाब लिया जाएगा, एक-एक करके जवाबदेही तय होगी.' उनके इस बयान को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सीधा हमला माना जा रहा है.
इसके साथ ही उन्होंने हाल के चर्चित मामलों का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि आरजी कर जैसे घटनाक्रम और संदेशखाली की घटना यह दिखाती है कि टीएमसी सरकार कैसे दुष्कर्मियों के साथ खड़ी नजर आती है. उन्होंने दावा किया कि यही वजह है कि राज्य में महिलाओं के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ी है और एसिड अटैक के मामलों में भी इजाफा हुआ है.
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में घुसपैठ के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि 'बंगाल में घुसपैठ सबसे बड़ी समस्या है. घुसपैठिए यहां जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और जनसांख्यिकी में बदलाव हो रहा है.' उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर लोगों को पूजा करने की अनुमति नहीं दी जाती और कहीं-कहीं दुर्गा पूजा भी नहीं करने दी जाती.इसके पीछे टीएमसी का हाथ है। पहले लाल झंडे के दौर में हिंदू नरसंहार के आरोप लगे थे, अब टीएमसी वही काम कर रही है.
इस बार आपका वोट बंगाल के विकास, सुरक्षा और भविष्य के लिए होगा. आपने मेरे मुंह से “सबका साथ, सबका विकास” सुना है. आज मैं बंगाल के लिए यह गारंटी देता हूं “सबका साथ, सबका विकास”, सिवाय उन लोगों के जिन्होंने बंगाल को लूटा है. उनके लिए मेरा नारा है “लुटेरों का होगा हिसाब और विनाश.”
aajtak.in