संसद में महिला आरक्षण बिल के गिरने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बिना नाम लिए जोरदार हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बीजेपी का पतन शुरू हो गया है और मोदी सरकार बहुमत के बिना सिर्फ दूसरों के सहारे टिकी है. इसी बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पलटवार करते हुए कहा कि बंगाल में बीजेपी आई तो TMC का खेल खत्म.
शुक्रवार को केंद्र सरकार ने संसद में एक बिल पेश किया था. इस बिल में दो बड़ी बातें थीं. पहली, लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण 2029 से देना. दूसरी, लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 816 करना. लेकिन यह बिल संसद में पास नहीं हो सका. विपक्ष और कुछ सहयोगी दलों ने इसे गिरा दिया.
ममता बनर्जी ने क्या कहा?
हावड़ा के उलुबेरिया में चुनावी रैली के दौरान ममता बनर्जी ने बिना मोदी का नाम लिए कहा कि 'कल से पतन शुरू हो गया है, तभी तो बाबू को आज राष्ट्र के नाम संबोधन करना पड़ रहा है.' उन्होंने कहा कि बीजेपी की अपनी बहुमत नहीं है और वो दो लोगों के सहारे बैठी है. जिस दिन वो सहारा हटेगा, सरकार गिर जाएगी.
मुख्यमंत्री ममता ने यह भी कहा कि उन्होंने बंगाल चुनाव के दौरान अपने सांसदों को दिल्ली भेजा था बीजेपी को हराने के लिए. उन्होंने दावा किया कि दूसरी पार्टियों के 20 से ज्यादा सांसद भी बीजेपी के खिलाफ गए. उन्होंने कहा कि बीजेपी 'धड़ाम धड़ाम' हो रही है.
यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव से पहले आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, CM ममता के करीबी के घर छापेमारी
मुख्यमंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उन्हें बम से भी नहीं डराया जा सकता, गोली से भी नहीं. उन्होंने कहा कि जन्म हुआ है तो मौत होगी लेकिन वो बीजेपी से लड़ना नहीं छोड़ेंगी. उन्होंने परिसीमन बिल को लेकर भी कहा कि बीजेपी देश को तोड़ना चाहती थी इसलिए यह बिल लाई थी.
महिला आरक्षण पर ममता ने कहा कि उनकी पार्टी TMC में पहले से ही 36 फीसदी महिला सांसद लोकसभा में और 46 फीसदी राज्यसभा में हैं. उन्होंने कहा कि वो 1998 से महिला आरक्षण की लड़ाई लड़ रही हैं और बीजेपी को उनसे सीखना चाहिए.
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का पलटवार
कूचबिहार में चुनावी दौरे पर आए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ममता पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी प्रधानमंत्री मोदी से डरती हैं क्योंकि वो जानती हैं कि अगर बंगाल में बीजेपी आई तो उनकी राजनीति खत्म हो जाएगी.
हिमंत ने कहा कि जैसे बीजेपी ने गुजरात और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को हमेशा के लिए बंद कर दिया और बिहार में भी यही होगा, उसी तरह बंगाल में TMC को भी हमेशा के लिए खत्म कर दिया जाएगा. उन्होंने विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए कहा कि वो टीवी पर उनकी बातें सुनकर हंसते हैं क्योंकि दावे बड़े होते हैं लेकिन जमीन पर कुछ नहीं होता.
aajtak.in