UGC NET 2023 Answer Key: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा यूजीसी नेट (University Grants Commission National Eligibility Test) दिसंबर 2023 परीक्षा की उत्तर कुंजी (Answer Key) जारी कर दी गई है. जो उम्मीदवार परीक्षा के लिए उपस्थित हुए थे, वे यूजीसी नेट की आधिकारिक वेबसाइट - ugcnet.nta.ac.in पर जाकर आंसर की देख सकते हैं. यूजीसी नेट 2023 परीक्षा 6 दिसंबर और 14 दिसंबर को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी.
आपत्ति दर्ज कराने के लिए एक प्रश्न पर देने होंगे 200 रुपये
एजेंसी द्वारा आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 5 जनवरी 2024 रखी गई है. आपत्तियां दर्ज कराने के लिए उम्मीदवारों के पास 1 दिन का समय बचा है. विशेषज्ञ द्वारा सभी आपत्तियों पर विचार करने के बाद वेबसाइट पर फाइनल आंसर की अपलोड कर दी जाएगी. इसके बाद ही यूजीसी नेट दिसंबर 2023 परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा. आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, परिणामों की कोई पुनर्मूल्यांकन/पुनः जांच नहीं होगी. प्रति प्रश्न पर अपत्ति दर्ज कराने के लिए आपको 200 रुपये जमा करने होंगे.
परीक्षा में नहीं थी नेगेटिव मार्किग
यूजीसी नेट दिसंबर 2023 की परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न 2 अंकों का था. जिन प्रश्नों का अभ्यर्थियों ने उत्तर नहीं दिया है उनके लिए नेगेटिव मार्किंग भी नहीं रखी गई है. अंतिम उत्तर कुंजी के बाद, यदि कोई प्रश्न गलत पाया जाता है और अन्य प्रश्न सही पाए जाते हैं तो केवल सही उत्तरों के ही नंबर गिने जाएंगे. यूजीसी-नेट हर साल दो बार (जून और दिसंबर) में परीक्षाएं आयोजित करवाता है. यूजीसी नेट परीक्षा 2023 देशभर के 292 शहरों में 83 विषयों में आयोजित की गई थी, जिसमें 9,45,918 कैंडिडेट्स शामिल हुए थे.
एनटीए यूजीसी नेट परीक्षाएं सहायक प्रोफेसरों की भर्ती और जूनियर रिसर्च फेलोशिप प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा आयोजित की जाती है. यूजीसी नेट के कारण न केवल लेक्चरशिप और रिसर्च फेलोशिप प्राप्त होती है, बल्कि परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद कई अन्य अवसर भी प्राप्त होते हैं.
aajtak.in