UP News: आजमगढ़ के जहानागंज क्षेत्र स्थित धरमपुर गांव के निवासी अखिल पांडेय ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की परीक्षा में शानदार जीत दर्ज की. अखिल ने अपने जीवन के पहले ही प्रयास में प्रतिष्ठित असिस्टेंट कमिश्नर (कमर्शियल टैक्स) के पद पर चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया.
इस परीक्षा परिणाम में उन्होंने असिस्टेंट कमिश्नर GST की विशेष सूची में पहला स्थान हासिल किया, जबकि पूरी राज्य मेरिट में उन्हें 55वां रैंक मिला. किसान पिता शैलेन्द्र पांडेय के पुत्र अखिल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के स्कूल से पूरी कर कठिन परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया.
किसान के बेटे ने गांव की पाठशाला से शुरू किया सफर
अखिल पांडेय की यह उपलब्धि इसलिए खास है क्योंकि वह एक साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं. उनके पिता शैलेन्द्र पांडेय पेशे से किसान हैं. अखिल ने कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई अपने गांव के ही विद्यालय से पूरी की. संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने अपनी लगन को कम नहीं होने दिया. इसके बाद उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से वाणिज्य (कॉमर्स) में उच्च शिक्षा प्राप्त की. बीएचयू की इसी शिक्षा ने उनके करियर के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया.
युवाओं के लिए मिसाल बनी अखिल की सफलता
अखिल की कहानी यह साबित करती है कि लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता कदम चूमती है. बिना किसी बड़े कोचिंग हब के, गांव की गलियों से निकलकर सीधे प्रदेश की टॉप लिस्ट में जगह बनाना एक बड़ी मिसाल है. उनकी इस सफलता से पूरे धरमपुर गांव और जहानागंज क्षेत्र में खुशी का माहौल है. अखिल अब ग्रामीण क्षेत्र के उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं जो सीमित संसाधनों में बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने का जज्बा रखते हैं.
राजीव कुमार