पाकिस्तान की सेना ने सैनिकों के वेतन में इजाफा करने का ऐलान किया है. पाकिस्तानी सैनिकों की सैलरी में 25 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है. कहा जा रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर से हुई किरकिरी के बाद पाकिस्तानी सेना ने यह फैसला लिया है.
पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर की मंजूरी के बाद सभी पाकिस्तानी सैनिकों और अधिकारियों के वेतन में इजाफा किया गया है. खुफिया सूत्रों ने आज तक को बताया कि इस संशोधित पैकेज के तहत एड-हॉक रिलीफ अलाउंस में 25 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है.डिस्टर्बेंस अलाउंस को तीन गुना किया गया है. कैश-इन-लियू पेमेंट, यूनिफॉर्म अलाउंस और बैटमैन अलाउंस को दोगुना कर दिया गया है.
यह कदम पाकिस्तान की मौजूदा आर्थिक दिक्कतों के बीच उठाया गया है. पाकिस्तान फिलहाल बेतहाशा आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहा है. ऐसे में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और कर्जे में डूबे पाकिस्तान ने सैनिकों की सैलरी बढ़ाई है. अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला सीमापार तनाव के बाद सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए लिया गया है.
यह वेतन वृद्धि पाकिस्तानी सेना में सभी रैंकों पर लागू होगी और इससे रक्षा क्षेत्र के वेतन व्यय में अच्छी-खासी बढ़ोतरी होने की संभावना है. हालांकि, अभी तक इस संबंध में इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) की ओर से कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों ने पुष्टि की है कि नया वेतन स्ट्रक्चर तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है.
बता दें कि भारत ने सात मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था. इसके तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था. इस ऑपरेशन का उद्देश्य उन आतंकवादी ढांचों को निशाना बनाना था, जहां से भारत के खिलाफ हमलों की योजना बनाई जाती थी.
इस ऑपरेशन को 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी.
मंजीत नेगी