राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां दबंगों ने एक ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान तरहिया सैरपुर निवासी 28 वर्षीय विजय यादव के रूप में हुई है. विजय भिटौली तिराहे के पास यादव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट चलाते थे. बताया जा रहा है कि मामूली विरोध के बाद बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 5 बजे विजय यादव अपने ढाबे पर मौजूद थे. इसी दौरान ढाबे के बाहर कुछ युवक आपस में झगड़ा और मारपीट कर रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विजय ने युवकों को रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो उन्होंने मोबाइल फोन से उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया. वीडियो बनते देख युवक नाराज हो गए और वहां से चले गए. उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि थोड़ी देर बाद यही विवाद खूनी वारदात में बदल जाएगा.
आरोप है कि कुछ देर बाद उन्हीं युवकों में से दो लोग बाइक पर सवार होकर दोबारा ढाबे पर पहुंचे. आते ही उन्होंने विजय यादव पर फायरिंग कर दी. गोली सीधे विजय के माथे पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. गोली चलते ही ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. आसपास मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत विजय को अस्पताल लेकर पहुंचे. हालत बेहद नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया.
ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने विजय यादव का ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. विजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. अस्पताल पहुंची उनकी मां बेटे की हालत देखकर बदहवास हो गईं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार वालों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई तनाव की स्थिति न बने.
ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारी मौसम ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वह उस समय ऊपर नहाने गया हुआ था. तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी. नीचे पहुंचने पर उसने देखा कि मालिक विजय यादव जमीन पर खून से लथपथ पड़े हुए थे. मौसम के मुताबिक, विजय के सिर से लगातार खून निकल रहा था और आसपास के लोग उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे थे. इस बयान के बाद पुलिस ने कर्मचारी और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस को घटना से पहले का एक वीडियो भी मिला है, जिसमें कुछ युवक ढाबे के बाहर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं. शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है.
एडीसीपी नॉर्थ ट्विंकल जैन ने बताया कि विजय यादव के माथे पर गोली लगी थी और पूरे मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपियों की तलाश के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं. फिलहाल तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है.
आशीष श्रीवास्तव