दिल्ली में 14 हजार चाइनीज चाकू बरामद, कैसे चल रहा था यह सिंडिकेट... पूरी कहानी

दिल्ली पुलिस ने ऐसे रैकेट का पर्दाफाश किया है जो चाइनीज बटनदार चाकू चीन से मंगाकर स्थानीय बाजार में बेचता था. इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.आइए आपको बताते हैं कि इस पूरे सिंडिकेट की कहानी और ये लोग कैसे करते थे अवैध धंधा. 

Advertisement
चीन में बने चाकू बरामद चीन में बने चाकू बरामद

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली,
  • 27 जुलाई 2022,
  • अपडेटेड 8:03 PM IST

दिल्ली पुलिस ने 14 हजार से अधिक चाइनीज चाकू बरामद किए हैं. ये चाकू चीन से मंगाकर भारत में अवैध रूप से ऑनलाइन बेचा जाता था. इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें एक बड़ा कारोबारी भी शामिल है. बताया जा रहा है कि यह बहुत बड़े सिंडिकेट का अवैध धंधा है, जिसके तार चीन से लेकर नई दिल्ली तक जुड़े हैं. इस कारोबार में स्थानीय व्यापारी से लेकर कुछ सरकारी अधिकारी भी शामिल हैं.

Advertisement

दिल्ली पुलिस ने इस गोरखधंधे का यूं पर्दाफाश किया. 18 जुलाई को सीआर पार्क इलाके में एक लावारिस कूरियर बरामद हुआ था. इसमें 50 से ज्यादा बटनदार चाकू थे. संभवत: यह कूरियर डिलीवरी बॉय से गलती से गिर गया था. पुलिस के लिए यह पहला था सुराग था, जिससे उसे लीड मिली. धीरे-धीरे पुलिस इसकी गुत्थी सुलझाने में जुट गई.

मालवीय नगर का निकला पता
कूरियर में चाकू भेजने वाले का नाम और पता साउथ दिल्ली के मालवीय नगर का था. पुलिस तफ्तीश करते हुए वहां पहुंची तो वो पता एक गारमेंट शॉप का था. पुलिस ने शॉप के मालिक मोहम्मद साहिल और उसके कर्मचारी वसीम को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद उनके ठिकाने से 533 चाकू और बरामद किए गए.

बेनिता मेरि जैकर (डीसीपी साउथ दिल्ली) ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की. इस दौरान आरोपी साहिल ने बताया कि वह ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स पर चाकू बेचता है. ये चाकू मोहम्मद यूसुफ सदर बाजार के एक गोदाम से लेकर आता है. इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद यूसुफ को दबोचा तो उसने सदर बाजार के आशीष चावला का जिक्र किया, जिससे वह खरीदता था. आशीष चावला को अरेस्ट कर उसके सदर बाजार के गोदाम से 13,440 बटनदार चाकू बरामद किए गए.

Advertisement

मयंक निकला मास्टरमाइंड
आशीष ने कहा कि वह ये चाकू चीन से मयंक बब्बर के जरिये मंगाता है. मयंक का इम्पोर्ट और एक्सपोर्ट का काम है. वही इसका पेमेंट करता है. इसके बाद मयंक बब्बर को भी गिरफ्तार कर लिया गया. मयंक अधिकारियों की आंखों में धूल झोंककर इन्हें किचिन वाला चाकू बताकर मंगाता था. बकायदा इसके लिए वह कस्टम ड्यूटी भी देता रहा. पिछले एक साल में वह 19 हजार चाकू मंगा चुका है.

इस मामले में कस्टम अधिकारियों की भूमिका की जांच की जा रही है. ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स को नोटिस जारी किया गया है कि आखिर कैसे वो अपने प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंधित चाकू बेच रहे थे. 

पुलिस के मुताबिक, पहले इस तरह के चाकू रामपुर में बनते थे, इसलिए इनको रामपुरी चाकू कहा जाता था. इन पर पहले ही प्रतिबंध लगा चुका है. ये चाकू ज्यादातर अपराधी ही इस्तेमाल करते हैं. अगर किसी चाकू में बटन है, उसका ब्लेड 7.62 सेंटीमीटर से बड़ा है और 1.62 सेंटीमीटर से चौड़ा है तो उसे रखना अवैध है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »