आईपीओ को लेकर एक फिर निवेशकों में क्रेज बढ़ गया है. जुलाई में लगातार आईपीओ ओपन हो रहे हैं. इस बीच एक ऐसा आईपीओ ओपन हुआ है, जिसमें पैसे लगाने के लिए निवेशक उमड़ पड़े हैं.
दरअसल, प्रिसिशन इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की कंपनी मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के आईपीओ (Millworks Technologies IPO) को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है.
यह आईपीओ 14 जुलाई को खुला था, और आज यानी 16 जुलाई 2026 को सब्सक्रिप्शन बंद होने जा रहा है. सब्सक्रिप्शन के आखिरी दिन दोपहर 2:30 बजे तक इस आईपीओ पर निवेशक पूरी तरह से टूट पड़े हैं और यह 158 गुना से अधिक सब्सक्राइब हो चुका है. 21 जुलाई को इस आईपीओ की लिस्टिंग होगी.
ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में जबरदस्त उछाल
इस आईपीओ का प्राइस बैंड 331 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. वहीं, ग्रे मार्केट में इसके प्रति जबरदस्त दीवानगी देखी जा रही है. वर्तमान में कंपनी का शेयर 400 रुपये यानी लगभग 120.85% के प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहा है. इसका सीधा मतलब यह है कि अगर यही स्थिति बनी रही, तो लिस्टिंग वाले दिन निवेशकों को हर शेयर पर 400 रुपये का सीधा फायदा हो सकता है. यानी डबल से भी ज्यादा पैसा हो जाएगा. हालांकि निवेशकों को केवल GMP देखकर किसी भी आईपीओ में अप्लाई नहीं करना चाहिए. कंपनी की वित्तीय स्थिति को जरूर देखें.
आंकड़ों के अनुसार आखिरी दिन दोपहर 2.30 बजे तक आईपीओ को सभी कैटेगरी में शानदार प्रतिक्रिया मिली है. रिटेल कैटेगरी में सबसे अधिक उत्साह देखा गया है, और यह हिस्सा 180 गुना सब्सक्राइब हो चुका है.
गैर-संस्थागत निवेशक (NII) का कोटा 215 गुना सब्सक्राइब हुआ है. जबकि क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी में अब तक 80 गुना दांव लग चुका है.
इस आईपीओ में आम निवेशकों के लिए न्यूनतम निवेश की सीमा निर्धारित की गई है, जिसके तहत वे अधिकतम 2 लॉट यानी कुल 800 शेयर के लिए दांव लगा सकते हैं. दरअसल, यह एक SME आईपीओ है, इसकी लिस्टिंग केवल BSE पर होगी, निवेशकों को कम से कम इस आईपीओ में 2,64,800 रुपये लगाने होंगे.
कंपनी के बारे में और आईपीओ का उद्देश्य
इस कंपनी की नींव नवंबर 2021 में रखी गई थी. मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड एक प्रिसिशन इंजीनियरिंग कंपनी है. यह रेलवे, मेट्रो रेल, एयरोस्पेस, ड्रोन पार्ट्स और सेमीकंडक्टर उद्योगों के लिए हाई-प्रिसिशन कंपोनेंट्स (पुर्जे) और असेंबलीज का डिजाइन व निर्माण करती है.
कंपनी इस 160 करोड़ रुपये के आईपीओ से प्राप्त रकम का उपयोग नए प्लांट और मशीनरी खरीदने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी. आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर्स (श्रीधर आचार्य, एचके मधु, सौम्या मधु और रश्मि श्रीधर आचार्य) की कुल हिस्सेदारी 65.08 प्रतिशत है.
(नोट: इस आईपीओ में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क