उद्योगपति मुकेश अंबानी की खूब चर्चा हो रही है, उनकी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में शानदार एंट्री हुई है. मौजूदा समय में भारतीय शेयर बाजार में मार्केट कैप के हिसाब से नंबर-1 और नंबर-2 पर मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और जियो प्लेटफॉर्म्स का कब्जा हो गया है.
दरअसल, मुकेश अंबानी एक के बाद एक कामयाबी की कहानी लिखते जा रहे हैं. उनका डंका भारत ही नहीं, दुनियाभर में बज रहा है. तेल, गैस, टेलिकॉम से लेकर रिटेल तक में कारोबार फैला हुआ है. आए दिन रिलायंस ग्रुप एक से बढ़कर एक डील कर रहा है. कहा जाता है कि मुकेश अंबानी के बढ़ते कारोबार के बीच पीछे उन एक खास साथी का दिमाग है. इस शख्स को मुकेश अंबानी का राइट हैंड भी कहा जाता है.
अंबानी के हर बड़े फैसले के पीछे इनका अहम योगदान होता है और इन्हें MM के नाम से पुकारा जाता है, हालांकि इनका पूरा नाम मनोज मोदी है. मनोज मोदी और मुकेश अंबानी का रिश्ता केवल एक कॉर्पोरेट अधिकारी और मालिक का नहीं है, बल्कि यह 40 से भी ज्यादा सालों पुरानी गहरी दोस्ती, अटूट विश्वास और व्यापारिक साझेदारी की एक मिसाल है.
आइए जानते हैं इनके बारे में...
मुकेश अंबानी के बैचमेट हैं MM
मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के बेहद करीबी कहे जाने वाले मनोज मोदी, दरअसल, उनके कॉलेज के जमाने के दोस्त हैं. अंबानी और मोदी मुंबई के यूनिवर्सिटी डिपार्टमेंट ऑफ कैमिकल टेक्नोलॉजी में बैचमेट थे और दोनों ने केमिकल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री हासिल की है. रिलायंस ग्रुप में अंबानी और MM की एंट्री भी लगभग एक साथ ही हुई थी. मनोज मोदी ने 1980 में रिलायंस ग्रुप ज्वाइन किया था और मुकेश अंबानी ने 1981 में अपने पिता के कारोबार में अहम भूमिका निभाना शुरू किया था. गुजराती परिवार में पैदा हुए मनोज मोदी के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं. हालांकि, इनके बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं हैं.
तीन पीढ़ियों के साथ किया काम
मनोज मोदी को रिलायंस में MM नाम से ही जाना जाता है. उन्होंने रिलायंस में काम धीरुभाई अंबानी के नेतृत्व में शुरू किया था, फिर मुकेश अंबानी और उनके बेटे-बेटियों ईशा-आकाश-अनंत अंबानी के साथ भी काम कर रहे हैं. अब वह मुकेश अंबानी के बच्चों के साथ भी मेंटॉर की भूमिका निभाते हुए काम कर रहे हैं. मतलब मनोज मोदी ने अंबानी फैमिली की तीनों पीढ़ियों के साथ काम किया है.
अंबानी परिवार के बेहद खास होने के बावजूद इनका नाम कम ही लोगों ने सुना है, इसका कारण ये है कि मनोज मोदी लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं. वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल भी नहीं करते हैं.
2007 में बने कंपनी में डायरेक्टर
अंबानी के राइटहैंड मनोज मोदी रिलायंस ग्रुप के सबसे पावरफुल लोगों में गिने जाते हैं और कंपनी के अंदर या बाहर से वे हमेशा मुकेश अंबानी के साथ रहते हैं. फिलहाल, रिलायंस रिटेल में डायरेक्टर और रिलायंस जियो में Non-Executive डायरेक्टर पद पर हैं. सबसे खास बात ये कि 1980 में रिलायंस से जुड़ने के बावजूद भी वे बिना किसी पद के अंबानी के साथ बने रहे. साल 2007 में उन्होंने कंपनी में डायरेक्टर का पद ग्रहण किया. मुकेश अंबानी को बिजनेस से जुड़ा कोई भी बड़ा फैसला लेना होता है, तो फिर सबसे ज्यादा भरोसा वे मनोज मोदी पर ही करते हैं.
इन बड़ी डील्स में मोदी का दिमाग
अप्रैल 2020 में सोशल मीडिया दिग्गज फेसबुक के साथ रिलायंस जियो की बिग डील में भी मनोज मोदी ने अगुवाई की थी. इस 43,000 करोड़ रुपये की डील ने रिलायंस को कर्जमुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. इसके अलावा रिलायंस के अन्य कई बड़े प्रोजेक्ट्स के पीछे भी मनोज मोदी रहे, इनमें हजीरा पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, जामनगर रिफाइनरी, पहला टेलीकॉम बिजनस, रिलायंस रिटेल और 4जी रोलआउट शामिल हैं.
अंबानी ने गिफ्ट किया था करोड़ों का घर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चंद साल पहले मनोज मोदी को रिलायंस चेयरमैन ने एक 22 मंजिला घर तोहफे के रूप में दिया है. उस समय घर की कीमत 1500 करोड़ रुपये आंकी गई थी. यह बिल्डिंग नवी मुंबई में नेपियन सी रोड पर बनी है और इसका नाम 'वृंदावन' रखा गया है.
आजतक बिजनेस डेस्क