मुंबई-अहमदाबाद के बाद, दिल्ली से पटना के बीच बुलेट ट्रेन का काम शुरू हो सकता है. भारत सरकार ने बिहार और उत्तर प्रदेश में भी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर बनाने की योजना बनाई है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसपर बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने बताया कि दिल्ली से कानपुर, लखनऊ और पटना के बीच बुलेट ट्रेन चलाने की योजना पर काम चल रहा है.
रेल मंत्री ने बताया कि हाई-स्पीड ट्रेन से दिल्ली से पटना महज 4.5 घंटे में पहुंचा जा सकेगा. हालांकि, अभी दिल्ली से पटना जाने के लिए 12 घंटे का सफर तय करना पड़ता है. PIB ने पहले मंत्री के हवाले से कहा था कि दिल्ली-पटना मार्ग के चालू होने के बाद इसमें 4 घंटे 41 मिनट का समय लग सकता है. बाद में इसे करीब 4.5 घंटे का अनुमान पेश किया गया.
अनुमान है कि इस रूट पर बुलेट ट्रेन के चलने से आगरा पहुंचने में 58 मिनट, कानपुर पहुंचने में 1 घंटा 50 मिनट, लखनऊ पहुंचने में 2 घंटे 12 मिनट, प्रयागराज पहुंचने में 3 घंटे, वाराणसी पहुंचने में 3 घंटे 33 मिनट और पटना पहुंचने में लगभग 4.5 घंटे लगेंगे.
किस रूट पर चलेगी ये ट्रेन
सरकार द्वारा जारी एक लेटर में कहा गया कि लगभग 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करने वाले सात प्रस्तावित कॉरिडोर लिस्टेड हैं, जिनमें दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी कॉरिडोर शामिल हैं.
मुंबई अहमदाबाद ट्रेन स्पीड
इसके विपरीत, 508 किलोमीटर लंबा मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर एक एक्टिव प्रोजेक्ट है, जिसमें 12 प्रस्तावित स्टेशन, 350 किमी प्रति घंटा की डिज़ाइन स्पीड और 320 किमी प्रति घंटा की ऑपरेशनल स्पीड है.
अभी सिर्फ प्रस्ताव
दिल्ली-पटना के बीच बुलेट ट्रेन के लिए अभी तक फाइनल रूट, प्रोजेक्ट कॉस्ट और डेट आदि का ऐलान नहीं किया गया है. फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट में मंत्री के हवाले से सशर्त कहा गया है कि इसे एक प्रस्ताव के तौर पर देखाा जाना चाहिए.