ऊपर जलजीरा, नीचे जाम का इंतजाम... 50 लाख की शराब लेकर बिहार में घुस रहा था ट्रक, पुलिस ने पकड़ लिया

ऊपर से देखने पर ट्रक बिल्कुल आम मालवाहक लग रहा था, उसमें जलजीरा की बोतलें सजी थीं. लेकिन जैसे ही पुलिस ने बोतलें हटवाईं, नीचे से निकला शराब का ऐसा जखीरा, जिसने सबको चौंका दिया. वैशाली पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये की विदेशी शराब बरामद की है और अब जिले के दो बड़े शराब माफिया पुलिस के निशाने पर हैं.

Advertisement
जीरा की बोतलों के नीचे भरी थी शराब. (Photo: Screengrab) जीरा की बोतलों के नीचे भरी थी शराब. (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • वैशाली,
  • 10 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 7:06 AM IST

बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए जुगाड़ निकाल रहे हैं. इस बार वैशाली में जो तरीका सामने आया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. ऊपर जलजीरा की बोतलें लादकर ट्रक को पूरी तरह वैध माल की तरह तैयार किया गया था, लेकिन असली खेल नीचे चल रहा था. जलजीरा की परत हटते ही विदेशी शराब की हजारों बोतलें निकल आईं.

वैशाली पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत मुखबिर से सूचना मिलने के बाद सदर थाना क्षेत्र में ट्रक को रोका. तलाशी शुरू हुई तो पहले जलजीरा की बोतलें मिलीं. लेकिन पुलिस को शक था, इसलिए पूरी खेप उतरवाई गई. 

Advertisement

इसके बाद जो सामने आया, उसने अफसरों को हैरान कर दिया. ट्रक से 6,132 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है.

यह भी पढ़ें: बिहार: बेतिया में शराब तस्करी का नया जुगाड़, खेतों की मेड़ से घोड़े पर ढोई जा रही शराब, घोड़ा और तस्कर गिरफ्तार

हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रक का चालक और खलासी फरार हो गए. लेकिन जांच यहीं नहीं रुकी. पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने इस खेप के पीछे जिले के दो बड़े शराब माफियाओं विपिन सिंह और पंकज ठाकुर का नाम चिह्नित किया है. पुलिस का दावा है कि इसी नेटवर्क ने शराब की इस बड़ी खेप को मंगाया था.

वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा का कहना है कि ट्रक चालक, खलासी और दोनों नामजद माफियाओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और बिहार में इसे किन इलाकों तक पहुंचाने की तैयारी थी. 

Advertisement

दोनों शराब माफिया सहित ट्रक ड्राइवर और खलासी पर केस दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है. माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद तस्कर कभी दूध के टैंकर, कभी फलों की पेटियों और अब जलजीरा की बोतलों का सहारा लेकर शराब की सप्लाई करने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन नीलकंठ के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि शराब माफियाओं के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »