बिहार के पूर्णिया जिले में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. यह हादसा फारबिसगंज-कुर्सेला सड़क पर कचहरी बलुआ गांव के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि हादसा शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा में सवार सात लोग एक पारिवारिक धार्मिक रस्म में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान सड़क के मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
इस हादसे में कंचन देवी, जागो ऋषि और कृष्ण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस के अनुसार घायलों में से दो लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है.
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से हुआ फरार
बनमनखी के एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
पुलिस का कहना है कि सड़क के मोड़ पर अक्सर हादसे होते रहते हैं, इसलिए वहां ट्रैफिक नियमों का पालन बेहद जरूरी है. वहीं, इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.
aajtak.in