कूड़े के ढेर से हुआ ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, गली में मिली थी 10 साल की बच्ची की लाश

पटना सिटी में 10 साल की बच्ची के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है. डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. कूड़े से मिले सुराग और ‘सिम्बा’ डॉग की सूंघने की क्षमता ने इस ब्लाइंड केस को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई.

Advertisement
कूड़े के ढेर से हुआ ब्लाइंड मर्डर का खुलासा (Photo: itg) कूड़े के ढेर से हुआ ब्लाइंड मर्डर का खुलासा (Photo: itg)

राजेश कुमार झा

  • पटना ,
  • 27 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:39 AM IST

बिहार में पटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र में 10 साल की मासूम बच्ची के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. यह मामला शुरू में पूरी तरह ब्लाइंड केस था, लेकिन कूड़े से मिले अहम सुराग और डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस ने इस जघन्य अपराध का खुलासा कर दिया.

Advertisement

दूध लेने निकली बच्ची हो गई थी लापता

दरअसल 22 अप्रैल को बच्ची घर से स्कूल ड्रेस पहनकर पास की दुकान में ही दूध लेने के लिए गई थी. उसके बाद छात्रा को स्कूल जाना था लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची और ना ही घर पहुंची. अगली सुबह गली में कंबल में लिपटा उसका शव मिला तो हड़कंप मच गया. पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि अपराध के खुलासे में एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और पटना सिटी के एसडीपीओ-2 डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मिलकर काम किया. आरोपी रंजीत कुमार को उसी इलाके से गिरफ्तार किया गया, जहां उसने वारदात के बाद बच्ची का शव फेंका था.

रेप की कोशिश और सिलबट्टे से वार

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ठेला चलाकर स्टिकर बेचता था और किराए के मकान में रहता था. पिछले दो महीनों से उसकी नजर बच्ची पर थी. उसने मुफ्त में स्टिकर देकर बच्ची से पहचान बढ़ाई और 22 अप्रैल की सुबह उसे बहाने से अपने घर बुला लिया. वहां उसने दुष्कर्म का प्रयास किया. जब बच्ची ने शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने पास रखी सिलबट्टे से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

Advertisement

पुलिस को देखकर गली में छोड़ी लाश

वारदात के बाद आरोपी ने शव को अपने घर में छिपाकर रखा और देर रात उसे ठिकाने लगाने की कोशिश की. आधी रात को शव को तालाब में फेंकने निकला था, लेकिन रास्ते में पुलिस की गाड़ी देखकर घबरा गया और एक गली में ही शव छोड़कर फरार हो गया. अगले दिन 23 अप्रैल को लोगों की नजर शव पर पड़ी तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

जांच के दौरान 24 अप्रैल को पुलिस को कूड़े में बच्ची की चप्पल और कपड़े मिले. इसके बाद डॉग स्क्वॉड की टीम सक्रिय हुई. ‘सिम्बा’ नाम के डॉग ने सुराग सूंघते हुए सीधे आरोपी के घर तक पहुंचकर पुलिस को अहम जानकारी दी. वहां से हत्या में इस्तेमाल किया गया सिलबट्टा और खून से सने कपड़े बरामद किए गए. फिलहाल आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.  

 

 
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement