कटिहार से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. क्योंकि यहां से एक फर्जी सिपाही को गिरफ्तार किया गया है. यह सिपाही कई दिनों से पुलिस लाइन में रह रहा था. सबसे बड़ी बात यह है कि जो जगह अति संवेदनशील जगहों की श्रेणी में आती है, वहां पुलिस विभाग के शस्त्रागार होते हैं. साथ ही पुलिस की अनेकों गोपनीय दस्तावेजों के अलावा जिले के पुलिसकर्मी निवास करते हैं और पुलिस प्रशिक्षण कार्य संपादित होता है. ऐसे महत्वपूर्ण संवेदनशील पुलिस लाइन के अन्दर पुलिसकर्मियों के बीच किसी अपरिचित व्यक्ति का कई दिनों से रहना कई सवाल खड़े करता है?
जानकारी यह भी सामने आई है कि आरोपी वहां रह रहे ट्रेनी सिपाहियों को खुद का परिचय कटिहार जिला बल का ट्रेनी सिपाही बताता था. साथ ही अररिया जिला में चेस्ट नम्बर -331 में ट्रेनिंग करने की बात कह रहा था, इतना ही नहीं युवक पुलिस लाइन में रह रहे अन्य सिपाहियों से दोस्ती भी करना चाह रहा था. लेकिन सिपाहियों ने इस अपरिचित युवक की सूचना ड्यूटी में तैनात हवलदार गुप्ता पासवान को दे दिया.
कैमूर जिले का रहने वाला है आरोपी
पूछताछ के बाद युवक ने बताया कि वो यहां छुट्टी लेकर किसी अपने संबंधी के यहां आया था. लेकिन उनके कहीं चले जाने की वजह से पुलिस लाइन में समय बिता रहा है. ऐसे में कटिहार पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए तुरत अररिया पुलिस ट्रेनिंग ऑफिस में जानकारी जुटाई. जांच में पता चला वहां इस नाम का कोई भी सिपाही नहीं है. ऐसे में जब कटिहार पुलिस लाइन के हवलदार आश्वस्त हो गए तो उन्होंने फर्जी सिपाही को हिरासत में ले लिया.
पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम सुशील कुमार, उम्र 23 वर्ष बताया. आरोपी कैमूर जिले के थाना मोहनिया का रहने वाला है. फर्जी सिपाही के पास पुलिस ने एक पिट्ठू बैग बरामद किया है. बैग से पुलिस की वर्दी, जूता और नेम प्लेट बरामद किया गया है. आरोपी के पास से रोहतास में गृहमंत्री के कार्यक्रम में ड्यूटी का कार्ड भी मिला है. इसके अलावा उसके पास से कई अन्य कागजात भी बरामद हुए हैं. इतना ही नहीं इस फर्जी सिपाही का जब मोबाइल चेक किया गया तो पता चला कि ये शादी शुदा है और वर्दी में इसके फोटो हैं.
कटिहार पुलिस ने शुरू की जांच
आरोपी पत्नी को भी फोटो भेजकर खुद को सिपाही बताता था. फिलहाल फर्जी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. कटिहार पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कई बिंदुओं पर जांच तेज कर दी है. पुलिस टीम यह पता लगा रहा है कि आखिर फर्जी सिपाही संवेदनशील स्थल पुलिस लाइन के अंदर कैसे प्रवेश किया?
कई दिनों से पुलिस लाइन की रेकी क्यों करता था? अन्य पुलिसकर्मियों से दोस्ती क्यों बढ़ाना चाहता था? अपनी बीबी के मोबाइल में पुलिस की वर्दी वाली फोटो क्यों भेजता था. नौकरी करने को कह कर वर्दी में अपना फोटो क्यों भेजा करता है? डीएसपी विशाल आनंद ने बताया है कि मामले की जांच जारी है और फर्जी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है.
बिपुल राहुल